उगते सूर्य को अर्घ्य दे रहीं महिलाएं:कानपुर के घाटों पर गूंज रहे छठी मैया के गीत, आज खत्म होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत
कानपुर में महापर्व छठ के चौथे और आखिरी दिन आज उगते सूर्य की पूजा हो रही है। सूर्य को अर्घ्य देने के साथ आस्था का यह पर्व संपन्न होगा। सुबह से ही शहर और देहात के घाटों पर भीड़ है। बड़ी संख्या में लोग अर्घ्य देने पहुंच रहे हैं। घाटों पर छठ मैया के गीत बज रहे हैं। नोएडा-लखनऊ में आतिशबाजी हो रही है। व्रती पूजा के बाद प्रसाद ग्रहण करेंगे, जिसके साथ ही 36 घंटे का निर्जला उपवास खत्म होगा। पारण कर व्रती इस अनुष्ठान को पूरा करेंगे। पारण में चावल, दाल, सब्जी, साग, पापड़, चटनी, बड़ी और पकौड़ी बनाने का नियम है। इसके बाद पूरा परिवार प्रसाद ग्रहण करेगा। 3 तस्वीरें देखिए… चार दिन तक चला कठिन अनुष्ठान चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ हुई थी। पहले दिन व्रतियों ने स्नान के बाद अरवा चावल, चने की दाल और कद्दू की सब्जी का प्रसाद तैयार किया। 14 नवंबर को खरना के दिन पूरे दिन उपवास रखने के बाद शाम को भगवान को भोग लगाकर प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हुआ। 15 नवंबर को व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य दिया। इसके बाद सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य देकर चार दिवसीय अनुष्ठान पूरा किया। गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)