उपन्यासकार प्रो. विकास को इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस में 'आउटस्टैंडिंग राइटिंग अवार्ड':प्रसिद्ध कवि डॉ. कुमार विश्वास के भाई को बेहतरीन लेखन के लिए कन्याकुमारी में सम्मान
सी.सी.एस. यूनिवर्सिटी के अंग्रेजी विभाग के प्रोफेसर एवं जाने-माने उपन्यासकार प्रो. विकास शर्मा को उनके उत्कृष्ट लेखन और उपन्यासों के लिए प्रतिष्ठित 'आउटस्टैंडिंग राइटिंग अवार्ड' से सम्मानित किया गया है। शुक्रवार रात 9 बजे यह सम्मान उन्हें तमिलनाडु के कन्याकुमारी में आयोजित तीन दिवसीय इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रदान किया गया। यह तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 22 अक्टूबर से 24 अक्टूबर तक कन्याकुमारी के सेंट जॉन्स कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड साइंस और लवेन्डर्स क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया था। इस प्रतिष्ठित आयोजन में प्रो. विकास शर्मा को भारतीय अंग्रेजी साहित्य में उनके विशिष्ट योगदान और सृजनात्मक कार्यों के लिए यह पुरस्कार दिया गया। प्रो. विकास शर्मा की साहित्यिक यात्रा बेहद प्रेरणादायक रही है। उन्होंने मात्र आठ वर्षों के अंतराल में एक दर्जन से अधिक उपन्यासों की रचना की है। उनके साहित्यिक अवदान का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनके उपन्यासों पर देश भर में एक दर्जन से अधिक शोधार्थी (स्कॉलर्स) पीएच.डी. की उपाधि प्राप्त कर चुके हैं। इसके अलावा, उनके रचित उपन्यास देश के विभिन्न प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों के पाठ्यक्रम में भी पढ़ाए जा रहे हैं, जो उनकी लोकप्रियता और साहित्यिक गहराई को दर्शाते हैं। साहित्य जगत में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाने वाले प्रो. विकास शर्मा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के गांव नवादा के रहने वाले हैं। वह प्रसिद्ध कवि डॉ. कुमार विश्वास के बड़े भाई हैं। उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनके पैतृक जिले बुलंदशहर बल्कि पूरे प्रदेश के शिक्षा और साहित्य जगत में खुशी की लहर दौड़ गई है। प्रो. विकास शर्मा का बुलंदशहर से गहरा नाता रहा है। वह बुलंदशहर के प्रसिद्ध डीएवी पीजी कॉलेज में 10 साल तक प्राचार्य के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। तमिलनाडु में मिले इस अंतरराष्ट्रीय सम्मान से उनके गृह जनपद के शुभचिंतकों, परिजनों और शिक्षाविदों में भारी उत्साह है। विभिन्न शिक्षण संस्थानों और साहित्यिक संगठनों से जुड़े लोगों ने प्रोफेसर विकास शर्मा को इस उपलब्धि पर बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। इस पुरस्कार से एक बार फिर राष्ट्रीय फलक पर बुलंदशहर का नाम रोशन हुआ है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)