वैभव सूर्यवंशी राइजिंग स्टार एशिया कप की टीम में:तिलक कप्तानी करेंगे, अभिषेक भी टीम में; 22 नवंबर को पाकिस्तान-A से मुकाबला

Nov 02, 2026 - 18:40
0
वैभव सूर्यवंशी राइजिंग स्टार एशिया कप की टीम में:तिलक कप्तानी करेंगे, अभिषेक भी टीम में;  22 नवंबर को पाकिस्तान-A से मुकाबला
BCCI ने 2 नवंबर को राइजिंग स्तर एशिया कप के लिए 15 सदस्यीय इंडिया-A टीम का ऐलान किया। तिलक वर्मा को कप्तान और रजत पाटीदार को उपकप्तान बनाया गया है। टीम में वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा भी हैं। टूर्नामेंट 19 से 29 नवंबर तक कतर की राजधानी दोहा में खेला जाएगा। भारत का पहला मुकाबला 20 नवंबर को नेपाल से होगा। इसके बाद 22 नवंबर को पाकिस्तान-A और 24 नवंबर को UAE से सामना होगा। इंडिया-A की पूरी टीम- अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (कप्तान), रजत पाटीदार (उपकप्तान), रिंकू सिंह, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), सूर्यांश शेडगे, शाहबाज अहमद, विप्रज निगम, हर्ष दुबे, तनुष कोटियान, हर्षित राणा, प्रिंस यादव और अरशद खान। क्या है राइजिंग स्टार एशिया कप और इसमें इंडिया-A क्यों खेलती है? राइजिंग स्टार एशिया कप एशियन क्रिकेट काउंसिल यानी ACC का टूर्नामेंट है। इसे पहले इमर्जिंग टीम एशिया कप के नाम से जाना जाता था। इसका मकसद एशिया की उभरती क्रिकेट प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने का अनुभव देना है। इसमें भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान जैसी टेस्ट खेलने वाली टीमों की A टीमें हिस्सा लेती हैं। A टीम को आसान भाषा में सीनियर राष्ट्रीय टीम के बाद का अगला स्तर समझ सकते हैं। इसमें ऐसे खिलाड़ी होते हैं जो घरेलू क्रिकेट और IPL में अच्छा प्रदर्शन कर चुके हैं या सीनियर टीम में जगह बनाने की दौड़ में हैं। इस बार टूर्नामेंट 50 ओवर के एकदिवसीय फॉर्मेट में खेला जाएगा। यानी हर टीम को बल्लेबाजी के लिए अधिकतम 50 ओवर मिलेंगे। पिछले साल का टूर्नामेंट टी-20 फॉर्मेट में हुआ था। वैभव सूर्यवंशी पर नजर, 15 साल की उम्र में बना चुके हैं कई रिकॉर्ड तिलक को कप्तानी, पाटीदार को उपकप्तानी क्यों? तिलक वर्मा को कप्तानी देने के पीछे उनका इंटरनेशनल और घरेलू क्रिकेट का अनुभव अहम है। उन्होंने ने IPL में मुंबई इंडियंस के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। वे हैदराबाद की रणजी टीम की कप्तानी भी कर चुके हैं। 2024 में उनकी कप्तानी में हैदराबाद ने रणजी ट्रॉफी का प्लेट डिवीजन जीता था। 2025 एशिया कप के फाइनल में उन्होंने नाबाद 69 रन बनाकर भारत को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। रजत पाटीदार को उपकप्तान बनाया गया है। वे मध्य प्रदेश के बल्लेबाज हैं और IPL में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की कप्तानी करते हैं। उनकी कप्तानी में RCB ने 2025 और 2026 में लगातार दो IPL खिताब जीते। 2026 IPL में उन्होंने 501 रन बनाए थे। वे घरेलू क्रिकेट में भी मध्य प्रदेश और सेंट्रल जोन की कप्तानी कर चुके हैं। अभिषेक और रिंकू जैसे इंटरनेशनल खिलाड़ी भी टीम में अभिषेक शर्मा भारतीय सीनियर टीम के लिए टी-20 इंटरनेशनल खेल चुके हैं। उनकी पहचान शुरुआत से ही तेजी से रन बनाने के लिए है। अभी वे दुनिया के नंबर-1 टी-20 बल्लेबाज हैं। उनके नाम टी-20 इंटरनेशनल में 135 रन की बेस्ट पारी भी है। रिंकू सिंह मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करते हैं। उनकी खासियत मैच के आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाना है। इसी भूमिका के कारण उन्हें फिनिशर कहा जाता है। IPL 2023 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ उन्होंने लगातार पांच छक्के लगाकर कोलकाता नाइट राइडर्स को जीत दिलाई थी। वे भारत की सीनियर टी-20 टीम का हिस्सा भी रहे हैं। प्रभसिमरन सिंह को विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में चुना गया है। वे पंजाब के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं और IPL में पंजाब किंग्स का हिस्सा हैं। 2026 IPL में उन्होंने 14 मैचों में 510 रन बनाए थे। उनके साथ झारखंड के कुमार कुशाग्र भी विकेटकीपर के विकल्प हैं। गेंदबाजी में तेज और स्पिन, दोनों तरह के विकल्प तेज गेंदबाजी में हर्षित राणा और प्रिंस यादव अहम नाम हैं। हर्षित IPL 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स की खिताबी जीत में उन्होंने 19 विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई थी। इसके बाद उन्होंने भारत के लिए टेस्ट, वनडे और टी-20 इंटरनेशनल में भी डेब्यू किया। वे गेंदबाजी के साथ निचले क्रम में बल्लेबाजी भी कर सकते हैं। प्रिंस यादव ने घरेलू क्रिकेट और IPL में अपनी तेज गेंदबाजी से पहचान बनाई। वे दिल्ली से आते हैं और लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलते हैं। 2026 IPL में उन्होंने 14 मैचों में 16 विकेट लिए। विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में दिल्ली के लिए 8 मैचों में 18 विकेट लेकर टीम के सबसे सफल गेंदबाज रहे। ऑलराउंडर के तौर पर सूर्यांश शेडगे, शाहबाज अहमद, हर्ष दुबे, तनुष कोटियान और विप्रज निगम टीम में हैं। सूर्यांश शेडगे मुंबई के बल्लेबाज हैं और जरूरत पड़ने पर तेज गेंदबाजी भी कर सकते हैं। 2024-25 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई की खिताबी जीत के दौरान उन्होंने फाइनल में मध्य प्रदेश के खिलाफ 15 गेंदों पर 36 रन बनाए थे। 2026 में वे इंडिया-A के लिए श्रीलंका की त्रिकोणीय सीरीज और ऑस्ट्रेलिया-A के खिलाफ भी खेल चुके हैं। हर्ष दुबे बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज हैं और निचले क्रम में रन भी बना सकते हैं। विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में उन्होंने 10 विकेट लिए थे। तनुष कोटियान ऑफ स्पिन गेंदबाजी करते हैं और मुंबई के लिए घरेलू क्रिकेट में खेलते हैं। शाहबाज अहमद बाएं हाथ के स्पिनर हैं। वहीं, विप्रज निगम लेग स्पिन गेंदबाजी करते हैं। आठ टीमें, दो ग्रुप; भारत के सामने पाकिस्तान की चुनौती टूर्नामेंट में कुल 8 टीमें हिस्सा लेंगी। इन्हें चार-चार टीमों के दो ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप-A: बांग्लादेश-A, श्रीलंका-A, अफगानिस्तान-A और हॉन्गकॉन्ग-चीन। ग्रुप-B: भारत-A, पाकिस्तान-A, नेपाल और UAE। हर टीम अपने ग्रुप की बाकी तीन टीमों से एक-एक मैच खेलेगी। जीतने वाली टीम को 2 अंक मिलेंगे। ग्रुप की टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। पहले सेमीफाइनल में ग्रुप-A की नंबर-1 टीम का मुकाबला ग्रुप-B की नंबर-2 टीम से होगा। दूसरे में ग्रुप-B की पहली टीम ग्रुप-A की दूसरी टीम से खेलेगी। पिछले साल का खिताब पाकिस्तान-A यानी पाकिस्तान शाहीन्स ने जीता था। उसने फाइनल में बांग्लादेश-A को सुपर ओवर में हराया था।ग्रुप स्टेज के बाद पहला सेमीफाइनल 26 नवंबर और दूसरा 27 नवंबर को खेला जाएगा। फाइनल 29 नवंबर को होगा। तीनों नॉकआउट मुकाबले वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल स्टेडियम में होंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User