वाराणसी की बेटी ने उत्तराखंड PCS-J में पाया 5वां स्थान:मेंस एग्जाम के पहले डिहाइड्रेशन और फीवर ने सताया, बोलीं- कोर्ट की पेंडेंसी खत्म करना लक्ष्य

Nov 19, 2026 - 06:20
0
वाराणसी की बेटी ने उत्तराखंड PCS-J में पाया 5वां स्थान:मेंस एग्जाम के पहले डिहाइड्रेशन और फीवर ने सताया, बोलीं- कोर्ट की पेंडेंसी खत्म करना लक्ष्य
'जब मेरा मेंस का एग्जाम था, उसी दिन मेरी ट्रेन थी। मुझे फीवर हो गया था। पापा साथ जाने वाले थे। बुखार की वजह से मम्मी भी साथ चल दी थीं। हम लखनऊ में भाई के घर पहुंचे तो बुखार तो ठीक हो गया, लेकिन उस समय लखनऊ में डिहाइड्रेशन (डायरिया) फैला हुआ था। मैं उसकी चपेट में आ गई और उसी हालत में मेंस का एग्जाम देने पहुंची। इसके बावजूद मैंने परीक्षा पास कर ली और आज पांचवीं रैंक हासिल की है, जबकि उत्तराखंड में पीसीएस-जे में जनरल की महज चार सीटें हैं।' यह कहना है वाराणसी के बजरडीहा इलाके की रहने वाली श्रेया सिंह का। श्रेया ने उत्तराखंड पीसीएस-जे में पांचवीं रैंक हासिल की है। इस समय वह बीएचयू लॉ फैकल्टी में प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों को पढ़ा रही हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय भगवान, अपने धार्मिक गुरु, माता-पिता और शिक्षकों को दिया। उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है और माता-पिता की खुशी का ठिकाना नहीं है। उनके पिता डॉक्टर हैं, जबकि मां मेडिटेशन विशेषज्ञ हैं। ऐसे में काशी की बेटी श्रेया से उनकी सफलता, जीवन में आई कठिनाइयों और लक्ष्य के बारे में दैनिक भास्कर ने बातचीत की। पढ़िए पूरी बातचीत... वाराणसी के भेलूपुर स्थित बड़ी पटिया (बजरडीहा) इलाके में रहने वाले रिटायर्ड आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. रवींद्र प्रताप सिंह के घर दैनिक भास्कर पहुंचा तो उनकी पत्नी माया सिंह ने हमें अंदर बुलाया। कुछ ही देर बाद श्रेया सिंह कमरे में आईं। बातचीत शुरू करने के लिए कहा तो बोलीं, 'थोड़ा ही पूछिएगा, क्योंकि मुझे इसकी आदत नहीं है।' इसके बाद उन्होंने बातचीत शुरू की। एमपी, राजस्थान में नहीं मिली सफलता तो उत्तराखंड में किया प्रयास श्रेया सिंह ने बताया, 'मेरा ग्रेजुएशन 2020 में पूरा हुआ। इसके बाद घर के माहौल को देखते हुए मैंने प्रतियोगी परीक्षाओं के फॉर्म भरने शुरू किए। इसी दौरान मेरा नेट-जेआरएफ हो गया। वर्ष 2021 में मैंने बीएचयू से एलएलएम पूरा किया। इसके बाद राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की प्रशासनिक सेवाओं की परीक्षाएं देनी शुरू कीं, लेकिन सफलता नहीं मिली। राजस्थान में इंटरव्यू तक पहुंची, लेकिन चयन नहीं हुआ। कई बार लगा कि अब छोड़ दूं, हार मान लूं, लेकिन सोचा कि एक बार और प्रयास करती हूं।' उत्तराखंड में प्रयास के लिए पापा ने मनाया श्रेया ने बताया, 'मैंने पहले कभी उत्तराखंड पीसीएस-जे का फॉर्म नहीं भरा था, क्योंकि वहां सामान्य वर्ग की महज चार सीटें थीं। जब मैं हर जगह से निराश हो गई तो पिताजी ने कहा कि अब उत्तराखंड का फॉर्म भरो। इस पर मैं थोड़ी नाराज भी हुई कि वहां सिर्फ चार सीटें हैं, फॉर्म भरने से क्या होगा? लेकिन पापा ने जिद की और मैंने फॉर्म भर दिया। परीक्षा दी और मेरा चयन हो गया। मैं बहुत खुश हूं। पूरा परिवार खुश है। हमारे गुरु की कृपा और घरवालों के सहयोग से आज मैं इस मुकाम पर हूं।' कभी परिवार की ओर से नहीं डाला गया दबाव श्रेया ने बताया, 'मैं इस मामले में बहुत भाग्यशाली हूं। घर की इकलौती बेटी होने के बावजूद मुझ पर कभी कोई दबाव नहीं डाला गया। न माता-पिता ने और न ही किसी दूसरे ने। हमेशा सभी का सहयोग मिला। समाज में भी किसी ने यह नहीं कहा कि कब तक पढ़ोगी, अब शादी कर लो। मैं बस पढ़ती गई और आज इस मुकाम पर हूं। इसका श्रेय उन सभी लोगों को जाता है, जिन्होंने मेरा साथ दिया।' अब जानिए, इंटरव्यू में किस सवाल ने चौंकाया और आगे क्या है श्रेया का लक्ष्य ईगल चुना तो खुश हुए इंटरव्यू लेने वाले श्रेया ने अपने इंटरव्यू के बारे में बताया, 'वहां बनारस से जुड़ा कोई सवाल नहीं पूछा गया। एक मनोवैज्ञानिक भी बैठी थीं। उन्होंने एक सवाल किया, जो मुझे आज भी याद है और शायद जीवनभर याद रहेगा। उन्होंने पूछा कि दो पक्षी हैं- मोर और ईगल। आप इनमें से किसे चुनेंगी? मैं इस सवाल से थोड़ी चौंक गई, लेकिन खुद को संभालते हुए मैंने ईगल को चुना। उन्होंने इसका कारण पूछा तो मैंने बताया कि ईगल अपने लक्ष्य पर फोकस के लिए जाना जाता है, जबकि मोर अपनी खूबसूरती के लिए। मुझे भी अपने काम और लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना है।' न्यायपालिका में लंबित मुकदमों का बोझ कम करना लक्ष्य श्रेया से जब उनका लक्ष्य पूछा गया तो उन्होंने बताया, 'मेरा सिर्फ एक लक्ष्य है कि न्यायपालिका में लंबित मुकदमों की संख्या कम करने में योगदान दे सकूं। कोर्ट में आने वाले मामले पहले ही काफी समय बाद सुनवाई तक पहुंचते हैं। ऐसे में उनका और लंबित हो जाना परेशानी बढ़ाता है। मेरी कोशिश रहेगी कि इस समस्या को कम करने की दिशा में काम कर सकूं।' बेटी की सफलता से खुशी का ठिकाना नहीं माया सिंह ने बताया, 'जिस दिन उसका रिजल्ट आया, वह बीएचयू गई हुई थी। उसने मुझसे कहा था कि मां, मैं जा रही हूं। आज मेरा रिजल्ट आने वाला है। जल्दी से खुशखबरी देना। हमें उम्मीद थी, क्योंकि उसका पेपर अच्छा हुआ था। दोपहर साढ़े तीन बजे हम लोगों ने रिजल्ट देखा तो आंखों में आंसू आ गए। फिर गुरु देव को याद किया, जिनके आशीर्वाद से हमें यह खुशी मिली। हमने रोते हुए श्रेया को मैसेज किया कि तुम्हारा चयन हो गया है। अक्सर लोग पूछते हैं कि बेटी की शादी कब करेंगी, तो हमने कहा था कि जब तक वह कुछ बन नहीं जाती, तब तक शादी नहीं करेंगे। अब उसकी शादी करेंगे।' बता दें कि श्रेया के पिता डॉ. रवींद्र प्रताप सिंह रिटायर्ड आयुर्वेद चिकित्साधिकारी हैं। उनकी मां माया सिंह रामचंद्र मिशन की जोनल एवं केंद्र संयोजक हैं। श्रेया के बड़े भाई शशांक सिंह (बीटेक) जिमीपाल टाटा ग्रुप में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं, जबकि दूसरे भाई मयंक सिंह (एमबीए) लखनऊ स्थित एलपीसीपीएस (LPCPS) में विभागाध्यक्ष (एचओडी) हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User