वित्तमंत्री निर्मला ने बताया गरीबी का मतलब:सिर्फ कमाई नहीं, पक्का घर, पानी, स्वच्छता और इलाज जरूरी; 2011-23 में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर

Nov 23, 2026 - 11:15
0
वित्तमंत्री निर्मला ने बताया गरीबी का मतलब:सिर्फ कमाई नहीं, पक्का घर, पानी, स्वच्छता और इलाज जरूरी; 2011-23 में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि गरीबी को सिर्फ मजदूरी या आमदनी से नहीं मापा जा सकता। सुरक्षित घर, साफ पानी, स्वच्छता और इलाज के बिना परिवार आर्थिक संकट में रहता है। उन्होंने लिंक्डइन पोस्ट में वर्ल्ड बैंक की भारत पर ताजा गरीबी और समानता रिपोर्ट का हवाला दिया। रिपोर्ट के मुताबिक, 2011 से 2023 के बीच करीब 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर आए और अत्यधिक गरीबी लगभग खत्म हो गई। सीतारमण ने कहा कि यह सुधार सिर्फ नकद मदद से नहीं, बल्कि परिवारों की जरूरतों पर सीधे काम करने से आया। उन्होंने बताया कि एक बीमारी परिवार की बचत खत्म कर सकती है और उसे फिर गरीबी में धकेल सकती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले एक दशक में सरकार ने अंत्योदय का रास्ता अपनाया। इसमें कतार में सबसे पीछे खड़े व्यक्ति की जरूरतों को एक-एक करके दूर करने पर जोर दिया गया। गरीबी का मतलब सिर्फ कम आमदनी नहीं वित्त मंत्री ने कहा, “गरीबी सिर्फ आमदनी या मजदूरी की कमी नहीं है। सुरक्षित छत, साफ पानी, स्वच्छता या इलाज के बिना कोई परिवार कमजोर बना रहता है।” उन्होंने कहा कि आमदनी बढ़ने के बाद भी ऐसे परिवार संकट में रह सकते हैं। एक बीमारी उनकी पूरी बचत खत्म कर सकती है और उन्हें दोबारा गरीबी में पहुंचा सकती है। सीतारमण के मुताबिक, आजादी के बाद छह दशकों से ज्यादा समय तक बड़े पैमाने पर गरीबी खत्म करना अधूरा वादा बना रहा। शुरुआती 2010 के दशक में भी विदेशों में भारत को लंबे समय से चली आ रही गरीबी से जूझते देश के रूप में देखा जाता था। उन्होंने कहा कि उस समय भारत स्वच्छता, पोषण, साफ खाना पकाने के ईंधन और बैंकिंग के मामले में पीछे था। उस दौर में यह माना जाता था कि गरीबों को पैसे बांटने से उनकी सारी परेशानियां अपने आप दूर हो जाएंगी। घर-घर की जरूरत के हिसाब से योजनाएं सीतारमण ने कहा कि केंद्र सरकार ने इस तरीके को नहीं अपनाया। इसके बजाय, उसने परिवारों की अलग-अलग कमियों को पहचानकर उन्हें दूर करने पर काम किया। उन्होंने लिखा, “सरकार ने हर योजना उन लोगों के लिए बनाई, जिन्हें उसकी जरूरत थी। योजनाओं का ध्यान नतीजों को मापने और जिस कमी को दूर करना था, उसी के हिसाब से काम करने पर रहा।” उन्होंने कहा कि गरीबी कम करने के लिए कोई “जादू की छड़ी” नहीं थी। कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने के लिए आखिरी परिवार तक लाभार्थियों की पहचान और निगरानी जरूरी थी। सीतारमण ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने योजनाओं के अमल की व्यक्तिगत रूप से लगातार निगरानी की। उन्होंने अहम मौकों पर दखल देकर रुकावटें दूर कीं, फॉलो-अप सुनिश्चित किया और लाभ पहुंचाने की निगरानी के लिए तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ावा दिया। MUDRA लोन से दोबारा शुरू की प्रिंटिंग प्रेस वित्त मंत्री ने दो महीने पहले MUDRA योजना के लाभार्थियों से हुई बातचीत का जिक्र किया। उन्होंने पश्चिम बंगाल की सुष्मिता घराई का उदाहरण दिया। कोविड-19 महामारी के दौरान पिता की मौत के बाद उनके परिवार की प्रिंटिंग प्रेस बंद हो गई थी। उनके पास कर्ज के बदले देने के लिए जमीन या सोना नहीं था। सुष्मिता को बिना किसी गारंटी वाला MUDRA लोन मिला। इससे उन्होंने प्रिंटिंग प्रेस दोबारा शुरू की। सीतारमण के मुताबिक, अब सुष्मिता आठ लोगों को रोजगार दे रही हैं। यह संख्या शुरुआती कर्मचारियों से दोगुनी है। वह डिजिटल प्रिंटिंग के कारोबार में विस्तार की योजना बना रही हैं। नागालैंड में ‘लखपति दीदी’ से मुलाकात सीतारमण ने बताया कि करीब एक साल पहले उन्होंने नागालैंड के पहाड़ी और दूरदराज जिले किफिरे में स्थानीय स्वयं सहायता समूहों की आदिवासी महिलाओं से मुलाकात की थी। उन्होंने एस्थर नाम की ‘लखपति दीदी’ का भी जिक्र किया। एस्थर बाजरे से बने उत्पाद ऑनलाइन बेचती थीं। उनके ग्राहक नागालैंड से बहुत दूर दूसरे इलाकों में भी थे। सीतारमण ने कहा कि उन महिलाओं का बेहतर भविष्य को लेकर आत्मविश्वास उन्हें सबसे ज्यादा याद रहा। उन्होंने महिलाओं से बड़े सपने देखने और ‘करोड़पति दीदी’ बनने की अपील की। 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य सीतारमण ने कहा कि सरकार के 2047 तक ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की दिशा में अगले चरण में कल्याणकारी सुरक्षा के साथ वित्त, बाजार और डिजिटल अर्थव्यवस्था तक पहुंच जरूरी होगी। उन्होंने कहा कि गरीबी से बाहर निकल चुके लोगों को दोबारा गरीबी में जाने से रोकने के लिए यह जरूरी है। सरकार रोजगार से जुड़े प्रोत्साहन, इंटर्नशिप और अप्रेंटिसशिप के जरिए शिक्षा जगत और उद्योग के बीच बेहतर संबंध बना रही है। उन्होंने लिखा कि देश में बुनियादी ढांचे में निवेश भी बढ़ रहा है। इससे भारत के अलग-अलग हिस्से पहले से कहीं ज्यादा बेहतर तरीके से जुड़ रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User