बलरामपुर की चार सीटों पर 2.72 लाख नाम कटे:2027 चुनाव से पहले मतदाता सूची में कमी; उतरौला और सदर में सबसे ज्यादा असर
बलरामपुर में विधानसभा चुनाव 2027 की सियासी बिसात बिछने से पहले मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) ने बलरामपुर में चुनावी गणित को लेकर नई चिंता खड़ी कर दी है। जिले की चार विधानसभा सीटों से कुल 2,72,272 मतदाताओं के नाम कम हो गए हैं। हैरानी की बात यह है कि तीन विधानसभा सीटों पर भाजपा विधायकों की जीत के अंतर से कहीं अधिक मतदाताओं के नाम सूची से कटे हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मतदाता सूची में छूटे नामों को लेकर जताई गई चिंता बलरामपुर के आंकड़ों में साफ नजर आती है। पात्र मतदाताओं के नाम समय रहते नहीं जुड़े तो आगामी विधानसभा चुनाव में इसका असर चुनावी समीकरणों पर पड़ सकता है। जिले की चार विधानसभा सीटों में गैंसड़ी से सपा के राकेश यादव विधायक हैं, जबकि तुलसीपुर से कैलाशनाथ शुक्ल, उतरौला से राम प्रताप वर्मा और बलरामपुर सदर से पल्टूराम भाजपा के विधायक हैं। खास बात यह है कि भाजपा के तीनों विधायक लगातार दूसरी बार विधानसभा पहुंचे हैं। एसआइआर के बाद मतदाताओं की संख्या में आई भारी कमी ने इन सीटों पर राजनीतिक दलों की सक्रियता बढ़ा दी है। 2022 के विधानसभा चुनाव के नतीजों और एसआइआर के आंकड़ों की तुलना करें तो सबसे चौंकाने वाली तस्वीर बलरामपुर सदर की है। यहां भाजपा के पल्टूराम को 1,01,146 और सपा के जगराम पासवान को 90,175 मत मिले थे। भाजपा ने 10,971 मतों के अंतर से जीत दर्ज की थी। इसके बावजूद एसआइआर में यहां 87,850 मतदाताओं के नाम सूची से कट गए। अक्टूबर 2025 में यहां 4,21,909 मतदाता थे, जो घटकर 3,34,059 रह गए हैं। यानी जीत के अंतर से करीब आठ गुना अधिक नाम कम हुए हैं। उतरौला विधानसभा क्षेत्र में भी स्थिति कम चौंकाने वाली नहीं है।2022 के चुनाव में भाजपा के राम प्रताप वर्मा को 87,162 और सपा के हसीब को 65,393 मत मिले थे।भाजपा ने 21,769 मतों से जीत हासिल की थी।एसआइआर में यहां 86,576 मतदाताओं के नाम कम हो गए।पहले 4,26,213 मतदाता थे,जो अब घटकर 3,39,637 रह गए हैं। यहां कटे नामों की संख्या भाजपा की जीत के अंतर से लगभग चार गुना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)