वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप कल से:सिंदारोव सफेद मोहरों से खेलेंगे: गुकेश बोले- मैं खिताब बचाने नहीं, बल्कि इसे फिर से जीतने आया हूं

Nov 23, 2026 - 14:24
0
वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप कल से:सिंदारोव सफेद मोहरों से खेलेंगे: गुकेश बोले- मैं खिताब बचाने नहीं, बल्कि इसे फिर से जीतने आया हूं
स्विट्जरलैंड के जेनेवा में मंगलवार से शुरू हो रही वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप के पहले मुकाबले में उज्बेकिस्तान के चैलेंजर जावोखिर सिंदारोव सफेद मोहरों (White Pieces) से खेलेंगे। रविवार को पैलेस ऑफ नेशंस में हुई ओपनिंग सेरेमनी में मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन डी गुकेश ने दो घड़ियों में से डार्क चॉकलेट नाइट (काला घोड़ा) वाली घड़ी चुनी। इससे सिंदारोव को पहले गेम में सफेद मोहरों से शुरुआत करने का मौका मिला। 14 गेम का यह मुकाबला भारतीय समयानुसार मंगलवार शाम 7:30 बजे शुरू होगा। स्विस स्टाइल में तय हुआ मोहरों का रंग, 3 गेम के बाद पहला रेस्ट डे 2024 में सिंगापुर में गुकेश और डिंग लिरेन के बीच हुई पिछली वर्ल्ड चैंपियनशिप में मोहरों का रंग लेजर शो के जरिए तय किया गया था। इस बार जेनेवा में पारंपरिक स्विस स्टाइल अपनाया गया। गुकेश को दो घड़ियों में से एक चुनने के लिए कहा गया, जिनमें लाइट और डार्क चॉकलेट के घोड़े रखे थे। उन्होंने डार्क चॉकलेट वाला घोड़ा चुना, जिससे पहले गेम में उन्हें काले मोहरों से खेलना होगा। इसके बाद बाकी 13 गेम में दोनों खिलाड़ी बारी-बारी से मोहरों का रंग बदलेंगे। पहले तीन गेम के बाद शुक्रवार को टूर्नामेंट का पहला रेस्ट डे होगा। मुकाबला लेक जेनेवा के किनारे स्थित फोंडेशन मार्टिन बोडमर (लाइब्रेरी और म्यूजियम) में खेला जाएगा। सिंदारोव की शानदार फॉर्म, रैंकिंग में गुकेश से 72 अंक आगे उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव इस समय शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने 2025 का वर्ल्ड कप जीतकर सुर्खियां बटोरी थीं। इसके बाद कैंडिडेट्स टूर्नामेंट भी एक राउंड पहले जीतकर वर्ल्ड चैंपियनशिप के चैलेंजर बने। कई पूर्व वर्ल्ड चैंपियन और दिग्गज ग्रैंडमास्टर्स ने सिंदारोव को इस मुकाबले में जीत का फेवरेट बताया है। FIDE की नवंबर रैंकिंग में वर्ल्ड नंबर-4 सिंदारोव, गुकेश से 72 रेटिंग पॉइंट्स आगे हैं। 2026 के शुरुआती चार बड़े टूर्नामेंट में सिंदारोव ने 2,837 की औसत परफॉर्मेंस रेटिंग दर्ज की है। उनकी मौजूदा फॉर्म उन्हें मजबूत दावेदार बनाती है। वर्ल्ड चैंपियन बनने के बाद गुकेश की रैंकिंग 26वें स्थान पर पहुंची गुकेश ने 2024 में सिंगापुर में चीन के डिंग लिरेन को हराकर 18 साल की उम्र में सबसे युवा निर्विवाद क्लासिकल वर्ल्ड चैंपियन बनने का रिकॉर्ड बनाया था। हालांकि, खिताब जीतने के बाद अपनी फॉर्म और रैंकिंग बनाए रखना उनके लिए चुनौतीपूर्ण रहा। इस साल क्लासिकल टूर्नामेंट कम खेलने और निरंतरता से जूझने के चलते गुकेश की रैंकिंग गिरकर 26वें स्थान पर पहुंच गई। अब उनके सामने चुनौती सिर्फ खिताब बचाने की नहीं, बल्कि वर्ल्ड चैंपियन के दबाव में अपनी पुरानी लय हासिल करने की भी होगी। इससे पहले पूर्व चैंपियन डिंग लिरेन भी खिताब जीतने के बाद मानसिक दबाव से जूझते नजर आए थे। कार्लसन के विवाद के बाद शतरंज जगत का फोकस वर्ल्ड चैंपियनशिप पर इस चैंपियनशिप से पहले पूर्व वर्ल्ड चैंपियन मैग्नस कार्लसन के व्यवहार को लेकर चर्चा रही। बुडापेस्ट में एक पायलट इवेंट के दौरान व्लादिस्लाव आर्तेमिएव के खिलाफ प्लेऑफ के तीन गेम कार्लसन ने बीच में ही छोड़ दिए थे। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ (FIDE) ने उनका मामला अनुशासनात्मक समिति को सौंप दिया। अब जेनेवा में शतरंज जगत का ध्यान 64 खानों की बिसात पर होगा। 14 गेम के इस मुकाबले में सिंदारोव अपनी मौजूदा फॉर्म और रेटिंग के साथ उतरेंगे, जबकि गुकेश के पास वर्ल्ड चैंपियनशिप का अनुभव है। देखना होगा कि गुकेश दबाव से उबरकर सिंदारोव की चुनौती का सामना कर पाते हैं या नहीं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User