चीन से बांग्लादेश जा रहा मिसाइल बनाने का सामान पकड़ाया:इससे 100 मिसाइलें बन सकती थीं; इंडोनेशियाई नौसेना को लाखों सिम भी मिलीं
इंडोनेशिया की नौसेना ने चीन से बांग्लादेश जा रहे एक जहाज को पकड़ा है। बांग्लादेश के अखबार द बिजनेस स्टैंडर्ड (TBS) की रिपोर्ट के मुताबिक जहाज को 7 नवंबर को पकड़ा गया था। जहाज में 405 टन सोडियम परक्लोरेट मिला है। नौसेना के एक अधिकारी के मुताबिक, जब्त किए गए केमिकल से करीब 100 मिसाइलें बनाई जा सकती हैं। जहाज से लाखों बिना रजिस्ट्रेशन वाले खाली 4G सिम कार्ड भी मिले हैं। इस खेप को बांग्लादेश में कौन मंगवा रहा था, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। जहाज के शिपिंग के कागजात में गड़बड़ी थी कोमोरोस के झंडे वाला मालवाहक जहाज MV स्टार लाइन चीन के लियानयुंगांग बंदरगाह से बांग्लादेश के मोंगला बंदरगाह जा रहा था। इंडोनेशिया की नौसेना ने इसे उत्तरी सुमात्रा के बेलावन के पास समुद्र में रोक लिया। नौसेना के मुताबिक जहाज को रास्ते में ईंधन भरवाने के नाम पर रोका गया था। गश्ती जहाज KRI सिगालु-857 ने उसकी संदिग्ध गतिविधियां देखकर उसे रोक लिया। जहाज ने रेडियो संदेशों का जवाब भी नहीं दिया। जांच में उसका रजिस्ट्रेशन सस्पेंड मिला और शिपिंग के कागजात में भी गड़बड़ी की आशंका सामने आई। जहाज और सामान के मालिक का पता लगा रहे अधिकारी इंडोनेशियाई अधिकारी जहाज के क्रू मेंबर्स, सामान की सूची और शिपिंग दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं। अभी तक यह नहीं बताया गया है कि जहाज किस कंपनी का था, केमिकल का मालिक कौन है और बांग्लादेश में इसे किसके पास पहुंचना था। सीमा शुल्क अधिकारियों के मुताबिक, सामान मंगवाने वाली कंपनी का नाम इंपोर्ट जनरल मैनिफेस्ट (IGM) में दर्ज होता है। इसमें जहाज के सामान और उसके आयातक की जानकारी रहती है। चूंकि जहाज बांग्लादेश पहुंचने से पहले ही पकड़ लिया गया, इसलिए सामान मंगवाने वाले की पहचान के लिए आगे जांच करनी होगी। सोडियम परक्लोरेट आग फैलने में मदद करता है सोडियम परक्लोरेट आमतौर पर सफेद रंग के छोटे-छोटे दानों या पाउडर जैसा दिखता है। यह एक ऐसा केमिकल है, जो आग को तेजी से फैलने में मदद करता है। इसका इस्तेमाल उद्योगों के अलावा रॉकेट और मिसाइल के ईंधन, विस्फोटक और आतिशबाजी से जुड़े सामान बनाने में होता है। यह खुद न तो विस्फोटक है और न ही ईंधन, लेकिन जलने की प्रक्रिया को तेज कर सकता है। बड़ी मात्रा में इसके रखरखाव के लिए खास सुरक्षा इंतजाम जरूरी होते हैं। चीन से दूसरे देशों को मिसाइल बनाने का सामान भेजने के मामले पहले भी सामने आए 3 फरवरी 2020: भारत ने गुजरात के कांडला बंदरगाह पर चीन से पाकिस्तान जा रहे जहाज को रोका था। इसमें मिसाइल के हिस्से बनाने में इस्तेमाल होने वाली एक बड़ी मशीन मिली थी। DRDO की जांच के बाद इसे जब्त कर लिया गया। 23 जनवरी 2024: मुंबई के न्हावा शेवा बंदरगाह पर चीन से कराची जा रहे जहाज में एक मशीन मिली थी। DRDO के मुताबिक इसका इस्तेमाल पाकिस्तान के परमाणु और मिसाइल कार्यक्रम के लिए पुर्जे बनाने में हो सकता था। 22 जनवरी 2025: रॉयटर्स के मुताबिक चीन से ईरान के लिए दो जहाजों के जरिए 1000 टन से ज्यादा सोडियम परक्लोरेट भेजा जाना था। यह केमिकल मिसाइल का ईंधन बनाने में इस्तेमाल होता है। 13 फरवरी 2025: CNN के मुताबिक इस खेप का बड़ा हिस्सा ईरान के बंदर अब्बास बंदरगाह पहुंच गया था। पश्चिमी अधिकारियों का अनुमान था कि इससे करीब 260 मिसाइलों के लिए ईंधन बनाया जा सकता है। नवंबर 2025: वॉल स्ट्रीट जर्नल के मुताबिक अमेरिकी सेना ने श्रीलंका के पास चीन से ईरान जा रहे जहाज से सैन्य उपकरण और पुर्जे जब्त किए थे। ये ईरान के मिसाइल कार्यक्रम में इस्तेमाल हो सकते थे। जुलाई 2026: यमन की सरकारी सेना ने चीन से आ रही दो खेप पकड़ी थीं। 14 अक्टूबर को AP की रिपोर्ट के मुताबिक, इनमें रॉकेट मोटर के हिस्से और मिसाइल को दिशा देने वाले पुर्जे मिले थे। ये सामान हूती विद्रोहियों के लिए भेजा जा रहा था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)