किसान यूनियन ने फसल के दाम बढ़ाने की मांग की:गन्ना 700, गेहूं 5,000 और आलू 2,500 रुपए प्रति क्विंटल करने के साथ कर्जमाफी की मांग

Nov 23, 2026 - 14:36
0
किसान यूनियन ने फसल के दाम बढ़ाने की मांग की:गन्ना 700, गेहूं 5,000 और आलू 2,500 रुपए प्रति क्विंटल करने के साथ कर्जमाफी की मांग
फतेहपुर में खाद,बीज,कीटनाशक,डीजल और दवाइयों की लगातार बढ़ती कीमतों से त्रस्त किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (महाशक्ति) ने मोर्चा खोल दिया है।संगठन के प्रदेश मंडल अध्यक्ष विकास कुमार गुप्ता के नेतृत्व में किसानों ने सोमवार के दिन एक बजे कलेक्ट्रेट परिसर पहुचकर जिलाधिकारी के माध्यम से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा,जिसमें फसलों का लाभकारी समर्थन मूल्य तय करने और किसानों का संपूर्ण बैंक कर्ज माफ करने की पुरजोर मांग की गई है। ​मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में संगठन ने कहा है कि वर्तमान में खेती की लागत कई गुना बढ़ गई है, लेकिन उसके अनुपात में किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। आसमान छूती महंगाई के चलते अन्नदाता गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं और उनके सामने परिवार का भरण-पोषण करने का संकट खड़ा हो गया है। खाद, बीज, तेल और कृषि दवाइयों के बेतहाशा बढ़े दामों ने किसानों की कमर तोड़ दी है। ​भारतीय किसान यूनियन महाशक्ति ने मांग की है कि सरकार तत्काल प्रभाव से गन्ने का मूल्य 700 रुपये प्रति कुंतल, गेहूं का समर्थन मूल्य 5000 रुपये प्रति कुंतल और आलू का समर्थन मूल्य 2500 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित करे। इसके साथ ही, आर्थिक तंगी से उबारने के लिए विभिन्न बैंकों द्वारा किसानों पर बकाया सभी प्रकार के कृषि ऋण को पूर्ण रूप से माफ करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई है। ​संगठन के पदाधिकारियों ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि समय रहते किसानों को उनकी फसलों का वाजिब दाम नहीं मिला और कर्ज से राहत नहीं दी गई, तो उनकी आर्थिक स्थिति और अधिक दयनीय हो जाएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री से इन ज्वलंत समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर जल्द ठोस निर्णय लेने की अपील की है, ताकि अन्नदाता को राहत मिल सके और घाटे का सौदा बनती जा रही खेती को बचाया जा सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User