युवक की हत्या में दो बाल अपचारियों को उम्रकैद:7 साल पुराने केस में फैसला, 20-20 हजार रुपए जुर्माना, घर से बुलाकर फावड़े से की थी हत्या

Nov 17, 2026 - 17:58
0
युवक की हत्या में दो बाल अपचारियों को उम्रकैद:7 साल पुराने केस में फैसला, 20-20 हजार रुपए जुर्माना, घर से बुलाकर फावड़े से की थी हत्या
हापुड़ के पिलखुवा स्थित मोहल्ला गढ़ी में 19 मार्च 2019 को हुई एक युवक की निर्मम हत्या के मामले में अदालत ने मंगलवार को अपना फैसला सुनाया। अपर सत्र न्यायाधीश एवं विशेष न्यायाधीश (पोक्सो एक्ट) ज्ञानेन्द्र सिंह यादव की अदालत ने दोनों बाल अपचारियों को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास और 20-20 हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई है। घर से बुलाकर ले गए और फावड़े से काटकर कर दी थी हत्या विशेष लोक अभियोजक हरेंद्र त्यागी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पिलखुवा के मोहल्ला किशनगंज निवासी भरत ने पुलिस को तहरीर दी थी। शिकायत में कहा गया था कि 19 मार्च 2019 की शाम मोहल्ले के ही दो बाल अपचारी उनके बेटे राहुल को घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे। आरोप के मुताबिक, दोनों राहुल को मोहल्ला गढ़ी परतापुर रोड स्थित अशोक कुमार के घेर में ले गए। वहां उसके साथ मारपीट की गई और फिर फावड़े से काटकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। बाद में राहुल का शव अशोक के घेर में पड़ा मिला था। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने सुनाई सजा घटना के बाद पुलिस ने पीड़ित पिता की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। विवेचना पूरी करने के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया। विशेष लोक अभियोजक हरेंद्र त्यागी ने बताया कि मुकदमे की सुनवाई अपर सत्र न्यायाधीश ज्ञानेन्द्र सिंह यादव की अदालत में चली। मंगलवार को दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और साक्ष्यों का अवलोकन करने के बाद अदालत ने भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत दोनों बाल अपचारियों को दोषी ठहराते हुए उम्रकैद और प्रत्येक पर 20-20 हजार रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User