कानपुर में थार का कहर! 55 साल के शख्स की मौत...
कानपुर के कल्याणपुर में तेज रफ्तार थार की टक्कर से 55 वर्षीय स्कूटी सवार संतोष सिंह चौहान की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद थार सवार दूसरी कार से फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की तलाश कर रही है।
दि राइजिंग न्यूज़ | कानपुर | 8 नवंबर 2026
उत्तर प्रदेश के कानपुर में तेज रफ्तार थार ने स्कूटी सवार 55 वर्षीय संतोष सिंह चौहान को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा कल्याणपुर इलाके में शनिवार रात करीब 7:30 बजे हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि संतोष की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद थार अनियंत्रित होकर एक मकान की चारदीवारी तोड़ते हुए बगीचे में जा घुसी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, थार में दो महिलाएं और एक पुरुष सवार थे और गाड़ी एक महिला चला रही थी। आरोप है कि हादसे के बाद तीनों लोग क्षतिग्रस्त थार को छोड़कर दूसरी कार में बैठकर फरार हो गए। मृतक की पहचान आवास विकास-3 निवासी संतोष सिंह चौहान के रूप में हुई है। उनके बेटे राहुल चौहान ने बताया कि पिता अपनी पत्नी के लिए साड़ी लेकर घर से निकले थे और जल्द लौटने की बात कही थी। हादसा उनके घर से महज 500 मीटर की दूरी पर हुआ।
पुलिस ने थार की नंबर प्लेट के आधार पर उसके पंजीकृत मालिक का पता लगा लिया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, वाहन कृष्ण कुमार के नाम पर दर्ज है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वाहन चला रही महिला और उसके साथ मौजूद अन्य लोगों की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)