अज्ञात वाहन की टक्कर से ब्रांच मैनेजर की मौत:शहजादनगर के चमरोआ पेट्रोल पंप के पास हादसा, दीपावली मनाने घर लौट रहे थे
दीपावली पर परिवार के साथ त्योहार मनाने घर लौट रहे भारत फाइनेंस कंपनी के ब्रांच मैनेजर की सड़क हादसे में मौत हो गई। शनिवार रात करीब 11 बजे थाना शहजादनगर क्षेत्र में चमरोआ पेट्रोल पंप के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 24 वर्षीय लोकेश की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी भेज दिया। दीपावली पर घर लौटते समय हुआ हादसा रविवार सुबह करीब 10 बजे मृतक के परिजनों ने बताया कि लोकेश भारत फाइनेंस कंपनी में उत्तराखंड के खटीमा क्षेत्र की बनबसा ब्रांच में मैनेजर के पद पर तैनात थे। दीपावली का त्योहार मनाने के लिए वह बाइक से अपने घर थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के मिलक चिकना गांव लौट रहे थे। इसी दौरान चमरोआ पेट्रोल पंप के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लोकेश को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पत्नी और दो मासूम बच्चों को छोड़ गए लोकेश लोकेश तीन भाइयों में तीसरे नंबर के थे। उनकी उम्र महज 24 साल थी। परिवार में पत्नी रेखा के अलावा दो छोटे बच्चे हैं। बेटे विराट की उम्र करीब दो साल और बेटी अवनी की उम्र महज एक साल है। इसके अलावा माता विद्या, पिता सियाराम और दो बड़े भाई पप्पू और राजबाबू हैं। जवान बेटे की अचानक मौत से माता-पिता और भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पत्नी के सामने दो मासूम बच्चों की परवरिश की जिम्मेदारी आ गई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा रही है। वहीं, मृतक के भाई पप्पू ने पुलिस से हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन चालक को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। साथ ही सरकार से लोकेश की पत्नी और दोनों मासूम बच्चों के भविष्य और भरण-पोषण के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)