दिल्ली रैली से पहले कई सपा नेता डिटेन:ऑफिस समेत सपा नेताओं के घर पहुंची पुलिस, जिलाध्यक्ष बोले- ‘रोकने से नहीं रुकेंगे’
मुजफ्फरनगर में दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली INDIA महागठबंधन की रैली से पहले समाजवादी पार्टी और पुलिस के बीच टकराव के हालात बनते नजर आ रहे हैं। सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने शनिवार देर शाम करीब 8 बजे आरोप लगाया कि रैली में शामिल होने जा रहे पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस उनके घरों पर पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस के रोकने से कार्यकर्ता नहीं रुकेंगे। एक नवंबर को बड़ी संख्या में दिल्ली पहुंचेंगे। पार्टी कार्यालय पहुंची पुलिस, कार्यकर्ताओं के घर जाने की सूचना जिया चौधरी ने बताया- पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर मुजफ्फरनगर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रैली में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं। पिछले दो-तीन दिनों से कार्यकर्ता दिल्ली जाने की तैयारी में जुटे हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार दोपहर करीब 2 बजे पुलिस पार्टी कार्यालय पहुंची और कार्यक्रम के बारे में जानकारी ली। इस पर उन्होंने पुलिस को बताया कि पार्टी के कार्यकर्ता दिल्ली जाएंगे। सपा जिलाध्यक्ष के मुताबिक, इसके बाद कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें सूचना दी कि उनके घरों पर पुलिस मौजूद है। इस संबंध में उन्होंने एसएसपी से बातचीत की। जिया चौधरी ने बताया कि एसएसपी ने आश्वासन दिया है कि किसी को नहीं रोका जा रहा है। जिन लोगों के घर पुलिस मौजूद है, वहां से पुलिस को हटा लिया जाएगा। बोले- शांतिपूर्वक और कानून के दायरे में जाएंगे दिल्ली जिया चौधरी ने कहा कि दिल्ली में होने वाली रैली की विधिवत अनुमति है। ऐसे में प्रशासन का पार्टी कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास दुर्भाग्यपूर्ण है। समाजवादी पार्टी शांतिपूर्वक और कानून के दायरे में रहकर दिल्ली जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं और नेताओं से तैयारियां जारी रखने की अपील की। कहा कि सभी बड़ी संख्या में रामलीला मैदान पहुंचकर अखिलेश यादव का झंडा बुलंद करेंगे। भाजपा सरकार पर भी साधा निशाना सपा जिलाध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब भी समाजवादी पार्टी या विपक्षी दल लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखना चाहते हैं या प्रदर्शन करते हैं, तो नेताओं को हिरासत में लेने की कार्रवाई की जाती है। उन्होंने सवाल उठाया कि पुलिस किस आदेश या आधार पर नेताओं को रोक रही है। जिया चौधरी ने कहा कि रैली की अनुमति है और पार्टी कार्यकर्ता शांतिपूर्वक दिल्ली जाएंगे। उन्होंने अपील की कि यदि किसी कार्यकर्ता के घर पुलिस पहुंची है या किसी को हिरासत में रखा गया है, तो इसकी सूचना उन्हें दी जाए। जिया चौधरी के मुताबिक, सांसद, विधायक और वह स्वयं लगातार एसएसपी से बातचीत कर रहे हैं। सरकार के इस रवैये के पीछे कारण पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “सरकार के जाने का समय आ गया है, इसलिए डर है।”
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)