हरदोई में 17.5 कुंतल सोहनपापड़ी सीज:खाद्य सुरक्षा विभाग ने तीन नमूने लिए; 1.74 लाख रुपए की मिठाई जब्त, लाइसेंस निलंबित करने की तैयारी
हरदोई में दिवाली पर लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने जिले में जांच अभियान तेज कर दिया है। शनिवार 31 अक्टूबर को देर शाम 7 बजे बिलग्राम रोड स्थित शंकर बक्शी पुरवा में मिठाई के एक प्रतिष्ठान पर विभागीय टीम ने औचक छापेमारी की। कार्रवाई में बड़ी मात्रा में सोहनपापड़ी जब्त की गई। मिठाई की गुणवत्ता पर संदेह के चलते नमूने भी जांच के लिए लिए गए हैं। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन कुमार गुंजन ने बताया कि प्रतिष्ठान से कुल 17.5 कुंतल सोहनपापड़ी सीज की गई है। जब्त मिठाई का अनुमानित मूल्य 1 लाख 74 हजार रुपये है। कार्रवाई के दौरान खाद्य पदार्थों के तीन नमूने संग्रहित किए गए हैं। इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई होगी। विभागीय जानकारी के अनुसार, प्रतिष्ठान पर सिंथेटिक रंग और अन्य संदिग्ध पदार्थ भी मिले हैं। हालांकि, मिठाई में मिलावट की पुष्टि प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। मौके पर प्रतिष्ठान संचालक संदीप गुप्ता नहीं मिला। विभाग के मुताबिक वह फरार है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। यह अभियान सहायक आयुक्त कुमार गुंजन और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेन्द्र कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में चलाया जा रहा है। कुमार गुंजन ने बताया कि संबंधित प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई भी शुरू की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि दिवाली के दौरान आमजन की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी। अभियान आगे भी जारी रहेगा। कारोबारियों को नियमों के मुताबिक खाद्य सामग्री तैयार करने, सुरक्षित रखने और बेचने के निर्देश दिए गए हैं। उपभोक्ताओं से भी अपील की गई है कि संदिग्ध गुणवत्ता वाली मिठाई खरीदने से बचें और शिकायत होने पर विभाग को जानकारी दें। नमूनों की रिपोर्ट मिलने के बाद नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने जांच जारी रखने और दोषियों पर कार्रवाई करने की बात कही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)