2027 के 7 चुनाव तय करेंगे 2029 की बाजी! मोदी के सामने कितनी बड़ी चुनौती
2027 में सात राज्यों की 940 विधानसभा सीटों पर चुनाव होंगे। उत्तर प्रदेश और गुजरात के नतीजे भाजपा, विपक्ष और 2029 के लोकसभा चुनाव की रणनीति के लिए बेहद अहम होंगे।
दि राइजिंग न्यूज़ | भारत | 3 नवंबर 2026
2029 के लोकसभा चुनाव से पहले वर्ष 2027 भारतीय राजनीति के लिए बेहद अहम होने वाला है। उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा, मणिपुर, गुजरात और हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं। इन सात राज्यों की कुल 940 विधानसभा सीटों और 132 लोकसभा सीटों पर होने वाले चुनाव के नतीजे देश की राजनीति की अगली दिशा तय कर सकते हैं। फिलहाल इन राज्यों में पांच जगह भाजपा, हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस और पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार है।
सात राज्यों की 940 विधानसभा सीटों में भाजपा के पास अकेले 557 सीटें हैं, जो कुल सीटों का लगभग 59 प्रतिशत है। वहीं कांग्रेस के पास 98 और आम आदमी पार्टी के पास 101 सीटें हैं। उत्तर प्रदेश और गुजरात इन चुनावों के सबसे महत्वपूर्ण केंद्र होंगे। उत्तर प्रदेश में 2022 में भाजपा ने 255 सीटें जीती थीं, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में उसे केवल 33 सीटें मिलीं, जबकि समाजवादी पार्टी ने 37 सीटों पर जीत दर्ज की। गुजरात में भाजपा ने 2022 में रिकॉर्ड 156 सीटें जीतकर अपनी मजबूत पकड़ दिखाई थी।
2027 का चुनाव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, अखिलेश यादव और कांग्रेस के लिए बड़ी राजनीतिक परीक्षा होगा। योगी की जीत से उनकी राष्ट्रीय राजनीतिक दावेदारी मजबूत हो सकती है, जबकि अखिलेश यादव के लिए पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक यानी पीडीए समीकरण की सफलता दोहराना बड़ी चुनौती होगी। इन चुनावों का असर जून 2027 में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव और राज्यसभा के राजनीतिक समीकरणों पर भी पड़ेगा। ऐसे में सात राज्यों के नतीजे 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा और विपक्ष की ताकत का बड़ा संकेत देंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)