7 दिन के नवजात और बेटी संग घर गई महिला:रामपुर जिला अस्पताल के बरामदे में रातें गुजार रही थी, वन स्टॉप सेंटर कराएगा काउंसलिंग

Oct 23, 2026 - 08:44
0
7 दिन के नवजात और बेटी संग घर गई महिला:रामपुर जिला अस्पताल के बरामदे में रातें गुजार रही थी, वन स्टॉप सेंटर कराएगा काउंसलिंग
रामपुर में दैनिक भास्कर की खबर का असर हुआ। जिला अस्पताल के बरामदे में सात दिन के नवजात और पांच साल की बेटी के साथ रातें गुजारने को मजबूर शौकीन जहां को आखिरकार राहत मिल गई। गुरुवार रात करीब 11 बजे नगर कोतवाली पुलिस और वन स्टॉप सेंटर की टीम अस्पताल पहुंची। टीम ने महिला को उसकी छोटी बहन मायूस जहां के सुपुर्द कर दिया। इसके बाद सरकारी एंबुलेंस से उसे घर भेजा गया। वन स्टॉप सेंटर की प्रभारी ने महिला की काउंसलिंग कराने और पति को बुलाकर पूरे मामले की जांच करने की बात कही है। शाहबाद थाना क्षेत्र के जहाजपुर गांव निवासी शौकीन जहां ने बताया था कि करीब सात साल पहले उनकी शादी शेर सिंह से हुई थी। उनका छह साल का बेटा मायके में रहता है, जबकि पांच साल की बेटी और सात दिन का नवजात उनके साथ हैं। महिला का आरोप है कि करीब छह महीने पहले पति ने मारपीट कर उन्हें घर से निकाल दिया था। इसके बाद वह मेहनत-मजदूरी कर अपना और बच्चों का खर्च चला रही थीं। तबीयत बिगड़ी तो छूटा काम, अस्पताल के बरामदे में गुजारी रातें शौकीन जहां बरेली गेट के पास एक लकड़ी की फैक्ट्री में काम करती थीं। तबीयत खराब होने के कारण उनका काम छूट गया। सात दिन पहले प्रसव के बाद अस्पताल में ठहरने की जगह नहीं मिली तो वह नवजात और पांच साल की बेटी के साथ जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड के बरामदे में फर्श पर रातें गुजारने लगीं। महिला ने बताया था कि खुले बरामदे में बच्चों के साथ रात बिताने के दौरान उनकी सुरक्षा को लेकर डर बना रहता था। दैनिक भास्कर में खबर प्रकाशित होने के बाद अस्पताल प्रशासन ने उन्हें महिला जिला अस्पताल में ठहरने की व्यवस्था उपलब्ध कराई। वन स्टॉप सेंटर कराएगा काउंसलिंग, पति को बुलाकर होगी जांच खबर सामने आने के बाद गुरुवार रात नगर कोतवाली पुलिस और वन स्टॉप सेंटर की प्रभारी चांद बी अपनी टीम के साथ जिला अस्पताल पहुंचीं। टीम ने महिला को उसकी छोटी बहन मायूस जहां के सुपुर्द किया और सरकारी एंबुलेंस से घर भिजवाया। वन स्टॉप सेंटर की प्रभारी चांद बी ने बताया कि फिलहाल महिला को उसके परिवार के पास भेज दिया गया है। उसकी काउंसलिंग कराई जाएगी। साथ ही पति का पता लगवाकर उसे बुलाया जाएगा, ताकि यह जांच की जा सके कि वह पत्नी को अपने साथ क्यों नहीं रख रहा है। काउंसलिंग और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User