PM मोदी के कानपुर दौरे से पहले CM योगी ने लिया तैयारियों का जायजा

दि राइजिंग  न्यूज। कानपुर, 21 अप्रैल 2025।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी 24 अप्रैल को प्रस्तावित कानपुर दौरे से पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को एक दिवसीय दौरे पर शहर पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न प्रमुख विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।

PM मोदी के कानपुर दौरे से पहले CM योगी ने लिया तैयारियों का जायजा

दि राइजिंग  न्यूज। कानपुर, 21 अप्रैल 2025। 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी 24 अप्रैल को प्रस्तावित कानपुर दौरे से पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को एक दिवसीय दौरे पर शहर पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न प्रमुख विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।

जनसभा स्थल और सुविधाओं का निरीक्षण

मुख्यमंत्री ने उस स्थल का दौरा किया जहां प्रधानमंत्री मोदी जनसभा को संबोधित करेंगे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पेयजल, स्वच्छता और बैठने की व्यवस्था जैसी बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो और आयोजन उत्कृष्टता का उदाहरण बने।

थर्मल पावर प्रोजेक्ट्स की समीक्षा

सीएम योगी ने घाटमपुर में 21,780.94 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रही 3x660 मेगावाट की नेवेली घाटमपुर थर्मल पावर परियोजना की प्रगति की भी समीक्षा की। इस परियोजना की पहली इकाई में ही 9,337.68 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है। यह परियोजना केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त उपक्रम ‘नेवेली उत्तर प्रदेश पावर लिमिटेड’ द्वारा क्रियान्वित की जा रही है।

इसके साथ ही उन्होंने 8,305.16 करोड़ रुपये की लागत से पनकी तापीय विस्तार परियोजना (1x660 मेगावाट) का भी निरीक्षण किया और निर्देश दिए कि सभी जरूरी प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी कर इसे समय पर चालू किया जाए।

कानपुर मेट्रो रेल परियोजना का परीक्षण

मुख्यमंत्री ने नयागंज से रावतपुर स्टेशन तक मेट्रो की यात्रा कर कानपुर मेट्रो रेल परियोजना की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने स्टेशन की साफ-सफाई, सुरक्षा उपायों और यात्री सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेट्रो सेवाएं स्वच्छ, सुलभ और यात्रियों के अनुकूल होनी चाहिए।

समयबद्ध कार्यों पर जोर

सीएम योगी ने सभी परियोजनाओं की प्रगति पर संतोष जताते हुए स्पष्ट किया कि इनका समय पर पूरा होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं न सिर्फ कानपुर, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के विकास में मील का पत्थर साबित होंगी।

मुख्यमंत्री ने अंत में यह भी कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे की तैयारियां राज्य की उत्कृष्टता और प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित करें, ताकि उत्तर प्रदेश देश में एक अग्रणी राज्य के रूप में अपनी स्थिति को और मजबूत कर सके।