कुर्रगुट्टालू पहाड़ पर सुरक्षाबलों ने 31 कुख्यात नक्सलियों को मार गिराया, अमित शाह बोले - 'लाल आतंक पर तिरंगे की जीत'
दि राइजिंग न्यूज। नई दिल्ली | 15 मई 2025: नक्सलवाद के खिलाफ अब तक के सबसे बड़े और निर्णायक ऑपरेशन में सुरक्षाबलों को ऐतिहासिक सफलता मिली है। छत्तीसगढ़ और तेलंगाना सीमा पर स्थित कुर्रगुट्टालू पहाड़ (KGH) पर सुरक्षाबलों ने 31 कुख्यात नक्सलियों को मार गिराया है। इस अभियान की जानकारी खुद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर साझा की और इसे “नक्सल फ्री भारत” के संकल्प की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया।
दि राइजिंग न्यूज। नई दिल्ली | 15 मई 2025:
नक्सलवाद के खिलाफ अब तक के सबसे बड़े और निर्णायक ऑपरेशन में सुरक्षाबलों को ऐतिहासिक सफलता मिली है। छत्तीसगढ़ और तेलंगाना सीमा पर स्थित कुर्रगुट्टालू पहाड़ (KGH) पर सुरक्षाबलों ने 31 कुख्यात नक्सलियों को मार गिराया है। इस अभियान की जानकारी खुद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर साझा की और इसे “नक्सल फ्री भारत” के संकल्प की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया।

नक्सली ट्रेनिंग हब बना था कुर्रगुट्टालू पहाड़
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि यह इलाका नक्सलियों की शीर्ष कमांड यूनिट – PLGA बटालियन 1, DKSZC, TSC और CRC – का गढ़ था। यही नहीं, यहीं पर नक्सलियों की ट्रेनिंग, हथियार निर्माण और रणनीतिक योजना बनाई जाती थी।
21 दिन चला ऑपरेशन, नहीं हुआ कोई जवान शहीद
शाह ने कहा, “खराब मौसम और दुर्गम पहाड़ी इलाकों के बावजूद सुरक्षाबलों ने 21 दिनों के भीतर इस ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया और सबसे बड़ी बात – इस पूरे अभियान में हमारे किसी भी जवान की जान नहीं गई।” उन्होंने CRPF, STF और DRG के जवानों की बहादुरी को सलाम किया।
2026 तक देश को नक्सल मुक्त करने का संकल्प
गृह मंत्री ने दोहराया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार 31 मार्च 2026 तक देश को पूरी तरह से नक्सल मुक्त करने के लिए प्रतिबद्ध है।
2014 से चला आ रहा है अभियान, अब सिर्फ 6 जिले प्रभावित
CRPF के महानिदेशक जीपी सिंह ने बताया कि 2014 में जहां 35 जिले गंभीर रूप से नक्सल प्रभावित थे, अब यह संख्या घटकर सिर्फ 6 रह गई है। कुल प्रभावित जिलों की संख्या भी 126 से घटकर 18 रह गई है। उन्होंने बताया कि यह अभियान "निर्ममता और अडिग संकल्प" के साथ 2019 से और तेज़ी से चलाया जा रहा है।