आतंकवाद पर निर्णायक हमला तय, सेना को मिली खुली छूट, आज पीएम की अहम बैठकें
दि राइजिंग न्यूज। 30 अप्रैल 2025 । नई दिल्ली : पहलगाम आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने पाकिस्तान और आतंक के खिलाफ निर्णायक कदम उठाने की दिशा में कमर कस ली है। मंगलवार देर शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई हाईलेवल बैठक में सेना को खुली छूट दे दी गई है कि वह आतंक के खिलाफ कार्रवाई के समय, स्थान और तरीके खुद तय करे।
दि राइजिंग न्यूज। 30 अप्रैल 2025 । नई दिल्ली :
पहलगाम आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने पाकिस्तान और आतंक के खिलाफ निर्णायक कदम उठाने की दिशा में कमर कस ली है। मंगलवार देर शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई हाईलेवल बैठक में सेना को खुली छूट दे दी गई है कि वह आतंक के खिलाफ कार्रवाई के समय, स्थान और तरीके खुद तय करे।
सरकार का रुख अब बिल्कुल साफ है—आतंकवाद न बर्दाश्त होगा, न छोड़ा जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी ने साफ किया कि अब हर जवाब वक्त के भीतर और दुश्मन को समझ आने वाले तरीके से दिया जाएगा।
आज का दिन बेहद अहम: चार बड़ी बैठकें
प्रधानमंत्री मोदी आज चार अत्यंत महत्वपूर्ण बैठकों की अध्यक्षता करेंगे, जिनसे पाकिस्तान को लेकर रणनीतिक फैसलों पर अंतिम मुहर लगने की संभावना है:
-
सुबह 11 बजे: कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS)
-
दोपहर: कैबिनेट कमेटी ऑन पॉलिटिकल अफेयर्स (CCPA)
-
इसके बाद: कैबिनेट की इकनॉमिक अफेयर्स कमेटी (CCEA)
-
अंत में: पूर्ण कैबिनेट बैठक
इन बैठकों में गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, विदेश मंत्री एस जयशंकर, और अन्य वरिष्ठ मंत्री शामिल होंगे।
मंगलवार को सेना प्रमुखों संग गहन मंथन
मंगलवार शाम पीएम मोदी ने NSA अजीत डोभाल, CDS अनिल चौहान और तीनों सेनाओं के प्रमुखों के साथ लगभग डेढ़ घंटे की बैठक की। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया गया कि आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई अब निर्णायक मोड़ पर है, और सेनाएं अपने विवेक से कार्रवाई कर सकती हैं।
सोमवार को रक्षा मंत्री से भी चर्चा
सोमवार को भी प्रधानमंत्री ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ लंबी बैठक की थी, जिसमें सेना प्रमुखों द्वारा दी गई अपडेट पर पीएम ने जरूरी निर्देश दिए। इससे पहले 23 अप्रैल को CCS की बैठक में पीएम ने डिप्लोमैटिक स्ट्राइक के निर्देश दिए थे।
पहलगाम हमला: आतंकी और उनके आकाओं की उलटी गिनती शुरू
22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले में 26 पर्यटक मारे गए थे और 16 घायल हुए थे। इसके बाद 23 अप्रैल को ही CCS की आपात बैठक बुलाई गई थी, जिसमें पाकिस्तान के खिलाफ कूटनीतिक कार्रवाई हुई।
अब माना जा रहा है कि आज होने वाली चार बैठकों में भारत की सैन्य रणनीति और संभावित जवाबी कार्रवाई पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
जांच एजेंसियां और सर्च ऑपरेशन सक्रिय
एनआईए की 45 सदस्यीय टीम हमले की जांच में जुटी है। घटनास्थल की वीडियोग्राफी, सीन रीक्रिएशन, और डिजिटल फॉरेंसिक के ज़रिए सुराग जुटाए जा रहे हैं। एनआईए को आतंकी संगठन द्वारा मोबाइल पेड ऐप के इस्तेमाल और स्थानीय मदद के पुख्ता सबूत मिले हैं।
सुरक्षा एजेंसियों के अलर्ट के बाद जम्मू-कश्मीर के 48 टूरिस्ट स्पॉट्स को बंद करने का निर्णय लिया गया है।
पाकिस्तान को लेकर रणनीति पर आज लग सकती है फाइनल मुहर
प्रधानमंत्री मोदी ने पहले ही इशारा दिया था कि "आतंक की बची-खुची जमीन को अब मिट्टी में मिलाने का समय आ गया है।" अब पूरे देश की नजर आज की बैठकों पर है, जहां आतंकवाद और उसके पोषकों के खिलाफ भारत का अगला बड़ा कदम तय किया जाएगा।