ट्रंप-जेलेंस्की की रोम में ऐतिहासिक मुलाकात, तनाव के बाद पहली आमने-सामने बातचीत
दि राइजिंग न्यूज। 26 अप्रैल 2025 । इटली की राजधानी रोम में शनिवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के बीच अहम बैठक हुई। वेटिकन स्थित सेंट पीटर बेसिलिका में पोप फ्रांसिस के अंतिम संस्कार में शामिल होने के दौरान दोनों नेताओं ने लगभग 15 मिनट तक गहन चर्चा की।
दि राइजिंग न्यूज। 26 अप्रैल 2025 ।
इटली की राजधानी रोम में शनिवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के बीच अहम बैठक हुई। वेटिकन स्थित सेंट पीटर बेसिलिका में पोप फ्रांसिस के अंतिम संस्कार में शामिल होने के दौरान दोनों नेताओं ने लगभग 15 मिनट तक गहन चर्चा की।
यह बैठक खास इसलिए रही क्योंकि वाशिंगटन डीसी के ओवल ऑफिस में फरवरी में हुई तीखी बहस के बाद यह दोनों नेताओं की पहली आमने-सामने मुलाकात थी।
व्हाइट हाउस के कम्युनिकेशंस डायरेक्टर स्टीवन च्युंग ने बताया कि यह बैठक "बेहद उपयोगी" रही और इसके बारे में और जानकारी जल्द साझा की जाएगी।
दो फीट की दूरी, संवाद में नजदीकी
जेलेंस्की के चीफ ऑफ स्टाफ आंद्रेई येरमक ने इस मुलाकात को "रचनात्मक" बताया। जारी की गई तस्वीरों में दोनों नेता एक भव्य संगमरमर के हॉल में आमने-सामने बैठे दिखाई दिए, जहां उनके बीच महज दो फीट की दूरी थी। दिलचस्प बात यह रही कि बातचीत के दौरान दोनों नेता एक-दूसरे की ओर झुककर गहन चर्चा में डूबे नजर आए।
भविष्य की बातचीत का रास्ता तैयार
बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने भविष्य में एक और बैठक करने पर सहमति जताई है, जिसकी तैयारियां उनकी टीमें कर रही हैं। यह मुलाकात रूस-यूक्रेन संघर्ष के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कड़ी मानी जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह संवाद न केवल दोनों देशों के बीच सहयोग को बढ़ावा देगा, बल्कि अंतरराष्ट्रीय राजनीति में भी एक सकारात्मक संकेत देगा।