आगरा के अभिषेक कुमार बने राष्ट्रीय फॉयल रेफरी:हरियाणा तलवारबाजी प्रतियोगिता में मिली जिम्मेदारी, उत्तर प्रदेश का करेंगे प्रतिनिधित्व
आगरा के सिंह फेंसिंग अकादमी के प्रशिक्षक अभिषेक कुमार को हरियाणा के सैसई में 23 से 25 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली रैंकिंग राष्ट्रीय तलवारबाजी प्रतियोगिता में फॉयल रेफरी की जिम्मेदारी मिली है। वह इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनकी उपलब्धि से आगरा के खेल जगत में खुशी है। अभिषेक ने 2013 में तलवारबाजी की शुरुआत की थी। उन्होंने कैडेट, जूनियर और सीनियर वर्ग में जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में कई पदक जीते हैं। पिछले दो वर्षों से वह सिंह फेंसिंग अकादमी में प्रशिक्षक की भूमिका निभा रहे हैं। यहां वह खिलाड़ियों को तकनीक, फुटवर्क, आक्रमण-बचाव, शारीरिक दक्षता और प्रतियोगिता के अनुशासन का प्रशिक्षण देते हैं। आगरा में तलवारबाजी को बढ़ावा देने में चौधरी सुमन सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने 2011 में इस खेल की शुरुआत कराई और कई खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पदक दिलवाए। अभिषेक ने अपनी सफलता का श्रेय चौधरी सुमन सिंह को दिया है। उन्होंने कहा कि उनके मार्गदर्शन के बिना इस मुकाम तक पहुंचना संभव नहीं था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)