लालकुर्ती पैंठ बाजार में चौथी बार तारों में लगी आग:व्यापारियों ने दी बिजली विभाग के खिलाफ धरने की चेतावनी, बाजार में छाया अंधेरा
मेरठ कैंट क्षेत्र के लालकुर्ती पैंठ बाजार में बिजली के खंभे पर लगे जर्जर तारों में गुरूवार को आग लग गई। आनन-फानन में व्यापारियों ने पूरी गली को खाली कराया। आग लगने के बाद क्षेत्र की बिजली गुल हो गई और बाजार में अंधेरा छा गया। व्यापारियों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई है। व्यापारियों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में जर्जर बिजली के तारों में आग लगने की यह चौथी घटना है। इसके बावजूद बिजली विभाग की ओर से समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। बाजार में कपड़ों समेत अन्य सामान की दुकानें हैं। ऐसे में तारों में बार-बार आग लगने से बड़े हादसे का खतरा बना हुआ है। बिजली विभाग के खिलाफ धरने की चेतावनी व्यापारियों ने आरोप लगाया कि घटना के बाद बिजली विभाग की ओर से तत्काल सहायता नहीं मिली। बिजली गुल होने से दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। व्यापारियों का कहना है कि कई बार समस्या सामने आने के बावजूद जर्जर तारों को बदलने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे बिजली विभाग के खिलाफ धरना देने को मजबूर होंगे। उनका कहना है कि बाजार में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होने चाहिए, ताकि किसी दिन बड़ी घटना होने से पहले खतरे को दूर किया जा सके। कैंट बोर्ड से भी करेंगे मांग व्यापारियों के मुताबिक, लालकुर्ती पैंठ बाजार की दुकानें कैंट बोर्ड की ओर से आवंटित की गई हैं। वे कैंट बोर्ड के अधिकारियों से दुकानों को पक्की और लेंटर वाली बनवाने की मांग भी करेंगे। व्यापारियों का कहना है कि बिजली के जर्जर तारों और दुकानों की मौजूदा स्थिति को देखते हुए सुरक्षा के उपाय करना जरूरी है। उन्होंने बिजली विभाग और कैंट बोर्ड के अधिकारियों से जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)