आगरा में कांग्रेसियों ने जुलूस निकाला:CEC का मुखौटा पहने युवक को हथकड़ी लगाई, कलेक्ट्रेट पर पुलिस ने रोका
आगरा में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शहर कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को प्रदर्शन किया। शहर अध्यक्ष अमित सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सुभाष पार्क पर जुटे। यहां से नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता पैदल मार्च कर कलेक्ट्रेट पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध जताया। कांग्रेस नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों का आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक व्यक्ति को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का मुखौटा पहनाया और उसके हाथों में हथकड़ी लगाई। इसके जरिए कांग्रेस नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर अपना विरोध जताया। कलेक्ट्रेट गेट पर पुलिस ने रोका कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में गड़बड़ी और कथित 'वोट चोरी' के जरिए लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर किया जा रहा है। उनका कहना था कि इसके लिए मुख्य चुनाव आयुक्त को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए। कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे तो पुलिस ने गेट पर उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान कार्यकर्ता नारेबाजी करते रहे। बाद में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने और चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाने की मांग की गई। 'मांग नहीं मानी तो आंदोलन तेज करेंगे' शहर अध्यक्ष अमित सिंह ने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। कांग्रेस ने चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े अपने आरोपों की जांच की भी मांग की है। हालिया प्रदर्शनों में पार्टी ने इन मुद्दों को लेकर स्वतंत्र समीक्षा की मांग उठाई है। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)