प्रयागराज शिक्षा निदेशालय में छात्रों का प्रदर्शन:बोले- कक्षा 6-8 में 40 हजार पदों की जरूरत, पदोन्नति और सीधी भर्ती में 50-50% अनुपात रहे

Sep 28, 2026 - 14:40
0
प्रयागराज शिक्षा निदेशालय में छात्रों का प्रदर्शन:बोले- कक्षा 6-8 में 40 हजार पदों की जरूरत, पदोन्नति और सीधी भर्ती में 50-50% अनुपात रहे
प्रयागराज में कक्षा 6 से 8 तक के विद्यालयों में जूनियर स्तर के शिक्षकों की भर्ती की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने शिक्षा निदेशालय परिसर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से प्राथमिक, TGT और PGT भर्ती के साथ जूनियर स्तर की शिक्षक भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की। अभ्यर्थियों का कहना है कि लंबे समय से कई सरकारी विद्यालय शिक्षकों की कमी से जूझ रहे हैं। कुछ स्कूलों में सीमित शिक्षकों के भरोसे ही पढ़ाई संचालित हो रही है। ऐसे में जूनियर स्तर पर नई भर्ती जरूरी है। 40 हजार पदों पर भर्ती की मांग संयुक्त हुंकार मंच के संयोजक पंकज पांडेय ने दावा किया कि जूनियर स्तर पर करीब 40 हजार शिक्षकों के पदों पर भर्ती की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यह शुरुआती अनुमान है और सरकारी विद्यालयों की वास्तविक स्थिति के आधार पर शिक्षकों की आवश्यकता इससे अधिक हो सकती है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कक्षा 6 से 8 तक की पढ़ाई का जिम्मा केवल TGT शिक्षकों पर डालकर जूनियर शिक्षकों की भर्ती को खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए विद्यालयों में पर्याप्त संख्या में शिक्षक होना जरूरी है। पदोन्नति-सीधी भर्ती में 50-50 का अनुपात अभ्यर्थियों ने पदोन्नति और सीधी भर्ती में 50-50 प्रतिशत का अनुपात लागू करने की मांग की। उनका कहना है कि यदि 50 प्रतिशत पद पदोन्नति से भरे जाते हैं तो कम से कम 50 प्रतिशत पदों पर सीधी भर्ती की जानी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इससे विभाग में पदोन्नति के अवसर भी बने रहेंगे और नए अभ्यर्थियों को सीधी भर्ती के जरिए मौका मिलेगा। 'स्कूल ठीक करो' अभियान का दिया हवाला अभ्यर्थियों ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की पर्याप्त नियुक्ति के बिना गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और 'स्कूल ठीक करो' अभियान को प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाना मुश्किल होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी विद्यालयों की उपेक्षा की जा रही है, जबकि निजी विद्यालयों को बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। जल्द फैसला नहीं हुआ तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सोमवार का प्रदर्शन सरकार को अपनी मांगों पर निर्णय लेने के लिए अल्टीमेटम देने के तौर पर किया गया है। उनका कहना है कि यदि जल्द जूनियर स्तर की भर्ती पर निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। अभ्यर्थियों ने जरूरत पड़ने पर न्यायालय का रुख करने की भी बात कही। उन्होंने सरकार से कक्षा 6 से 8 तक के विद्यालयों में शिक्षकों की भर्ती शुरू करने की मांग की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User