आगरा में प्रमोशन लिस्ट को लेकर भड़के शिक्षक:बीएसए आफिस का किया घेराव, सूची रद्द कर संशोधन की मांग
बेसिक शिक्षा विभाग की हालिया पदोन्नति सूची में गंभीर विसंगतियों के आरोप लगने के बाद बुधवार को राष्ट्रवादी शिक्षक महासंघ ने जिला बेसिक शिक्षाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष कीर्तिपाल सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं कार्यालय पहुंचे और सूची रद्द कर संशोधित सूची जारी करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सूची में कई शिक्षकों की जन्मतिथि गलत दर्ज है। नान-टीईटी शिक्षकों के साथ-साथ विभागीय प्रशिक्षण में अपीयरिंग अभ्यर्थियों को भी शामिल कर लिया गया है। वरिष्ठता निर्धारण, मूल नियुक्ति तिथि और अंतरजनपदीय स्थानांतरण के बाद की नियुक्ति तिथि के अंकन में भी कई जगह गड़बड़ी पाई गई है। इन त्रुटियों के कारण पात्र और वरिष्ठ शिक्षकों की वरिष्ठता प्रभावित हो रही है और पदोन्नति का उनका अधिकार खतरे में पड़ गया है। महासंघ ने मांग की कि विभाग अभिलेखों की दोबारा गहन जांच कर पारदर्शी और संशोधित पदोन्नति सूची जारी करे। जब तक सभी आपत्तियों का निस्तारण नहीं हो जाता, पदोन्नति की प्रक्रिया तत्काल रोक दी जाए। जिलाध्यक्ष कीर्तिपाल सिंह ने चेतावनी दी कि त्रुटियों को दूर किए बिना जारी सूची के आधार पर शिक्षक पदोन्नति स्वीकार नहीं करेंगे। शिक्षकों ने कहा कि यदि विभाग जल्द कार्रवाई नहीं करता तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। फिलहाल बीएसए कार्यालय से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)