आज से कर सकेंगे स्वगणना; 30 नवंबर को अंतिम दिन:1 दिसंबर से 4 जनवरी तक घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक; सही जानकारी भरनी होगी

Nov 16, 2026 - 05:24
0
आज से कर सकेंगे स्वगणना; 30 नवंबर को अंतिम दिन:1 दिसंबर से 4 जनवरी तक घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक; सही जानकारी भरनी होगी
जनगणना 2027 का दूसरा चरण 16 नवंबर, सोमवार से शुरू होगा। मकान की गणना पूरी हो चुकी है, अब लोगों की गणना की बारी है। इसमें भी सबसे पहले लोगों को खुद ही अपनी व अपने परिवार के लोगों की गणना करने का अवसर मिलेगा। उसके बाद प्रगणक हर घर जाएंगे और जनगणना करेंगे। जिसके यहां स्वगणना पूरी हो चुकी होगी, उसके यहां प्रगणकों को अतिरिक्त काम नहीं करना होगा। जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की है कि फाइनल सबमिशन के बाद बदलाव संभव नहीं होगा, इसलिए सारी जानकारी सोच-समझकर और सही-सही भरें। 30 नवंबर तक स्वगणना का काम होगा। उसके बाद 1 दिसंबर से 4 जनवरी तक प्रगणक घर-घर जाकर गणना करेंगे। पहले जानिए कैसे करें स्वगणना स्वगणना का काम 16 नवंबर से शुरू हो रहा है। लोगों को सबसे पहले se.census.gov.in पर जाना होगा। इसे खोलने के बाद राज्य चुनने का विक्ल्प हाएगा। उसमें उत्तर प्रदेश चुनें। उसके बाद भाषा का नंबर आएगा। आप जिस भाषा में सरलता महसूस करें, उसी भाषा का चयन कर लें। भाषा का चयन करने के बाद उसकी पुष्टि करनी होगी। इसके बाद दिखने वाले महत्वपूर्ण निर्देश पढ़ें और आगे बढ़ें। इसके बाद आपसे मोबाइल नंबर मांगा जाएगा। प्रथम चरण में आपने जो नंबर मतगणना कर्मी को दिया था, वही मोबाइल नंबर यहां दर्ज करें। उसके बाद स्क्रीन पर दिख रहा कैप्चा दर्ज करें। कैप्चा दर्ज होने के बाद आप की ओर से दिए गए मोबाइल नंबर पर ओटीपी आएगा। उससे मोबाइल नंबर सत्यापित किया जाएगा। इसके बाद लोकेशन मैच का विकल्प आएगा। लोकेशन मैच हो तो आगे बढ़ें। इतनी प्रक्रिया पूरी हो गई तो ठीक। यदि किसी कारण से लोकेशन मैच नहीं कर रहा है तो जिला, उप जिला एवं गांव, शहर चुनना होगा। मानचित्र पर अपने घर की सही लोकेशन दर्ज करें और उसके बाद इसकी पुष्टि करें। अब बारी आएगी घर के सदस्यों के बारे में जानकारी देने की। सबसे पहले मुखिया का विवरण देना होगा। परिवार के मुखिया से संबंधित सभी जानकारी सही-सही भरनी होगी। उसके बाद सेव कर लेना होगा। इसके बाद नंबर आएगा परिवार के सदस्यों का। इसमें जोड़ने का विकल्प आएगा। सभी सदस्यों को एक-एक करके जोड़ना होगा। उनसे जुड़ी जरूरी 6 जानकारियां भारकर सेव करना होगा। सभी सदस्यों का विवरण दर्ज करने के बाद मांगी गई शेष जानकारी भी जरूर भरें। इसके बाद सभी जानकारियों को अच्छी तरह से जांच लें। इसके बाद सबमिट का विकल्प आएगा। फार्म सबमिट कर दें। फार्म सबमिट होने के बाद आपके पास मोबाइल के टेक्स्ट मैसेज में 11 अंकों का SE ID आएगा। इसे पूरी तरह सुरक्षित रखें। 1 दिसंबर से जब जनगणना कर्मी घर जाएंगे तो यही नंबर दिखाकर सत्यापन कराना होगा। यह प्रक्रिया पूरी करने में लगभग 15 से 20 मिनट का समय लगेगा। जानिए जनगणना के दौरान कौन से प्रमुख सवाल होंगे पहचान और पारिवारिक स्थिति से जुड़े सवाल व्यक्ति का नाम क्या है? परिवार के मुखिया से उसका क्या संबंध है? व्यक्ति का लिंग क्या है? जन्मतिथि और पूरी हो चुकी आयु कितनी है? वर्तमान वैवाहिक स्थिति क्या है? विवाह के समय आयु कितनी थी? पति या पत्नी का नाम क्या है? घोषित राष्ट्रीयता क्या है? धर्म कौन सा है? अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति या अन्य जाति से संबंधित हैं? माता-पिता, शिक्षा और रोजगार से जुड़े सवाल पिता का विवरण क्या है? माता का विवरण क्या है? क्या व्यक्ति दिव्यांग है? मातृभाषा कौन सी है और अन्य कौन-कौन सी भाषाएं जानता है? साक्षरता और डिजिटल साक्षरता की स्थिति क्या है? क्या किसी शिक्षण संस्थान में पढ़ाई कर रहा है? अब तक की उच्चतम शैक्षिक योग्यता और विषय क्या है? पिछले एक वर्ष में किसी समय काम किया है या नहीं? आर्थिक गतिविधि की श्रेणी क्या है? व्यक्ति का व्यवसाय या काम क्या है? उद्योग, व्यापार या सेवा का स्वरूप क्या है? कामगार की श्रेणी क्या है? काम नहीं करने वाले या सीमांत कामगार की गैर-आर्थिक गतिविधि क्या है? क्या व्यक्ति काम तलाश रहा है या काम करने के लिए उपलब्ध है? काम पर जाने के लिए किस माध्यम से और कितनी दूरी तय करता है? जन्म, पलायन और अन्य जानकारियों से जुड़े सवाल जन्म स्थान कहां है? पिछला निवास स्थान कहां था? पलायन करने का कारण क्या है? पिछले निवास स्थान से वर्तमान गांव या शहर में कितने समय से रह रहे हैं? स्थायी आवासीय पता क्या है? वर्तमान में विवाहित, विधवा, तलाकशुदा या अलग रह रही महिला के कितने बच्चे जीवित हैं? ऐसी महिला ने कुल कितने बच्चों को जन्म दिया है? वर्तमान में विवाहित महिला के पिछले एक वर्ष में कितने बच्चे जीवित पैदा हुए? कोविड-19 का टीका किस स्थान पर लगवाया? कुल कितने बैंक खाते हैं? मोबाइल नंबर क्या है? आधार नंबर क्या है? मतदाता पहचान पत्र संख्या क्या है? भारतीय पासपोर्ट धारक का पासपोर्ट नंबर क्या है? क्या ड्राइविंग लाइसेंस उपलब्ध है? महिलाओं से पूछेंगे संतान की जानकारी निर्धारित 40 सवालों में से कुछ सवाल केवल संबंधित श्रेणी के लोगों से पूछे जाएंगे। उदाहरण के लिए बच्चों से संबंधित सवाल महिलाओं के लिए निर्धारित हैं। इसी तरह पासपोर्ट का सवाल भारतीय पासपोर्ट धारकों से संबंधित है। पहचान संबंधी कुछ जानकारियां उपलब्ध होने की स्थिति में ही देनी होंगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User