मथुरा में भाजपा का महामंथन:दो दिन तक आगामी योजनाओं पर संगठन करेगा चिंतन, मुख्यमंत्री, राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित 50 से ज्यादा पदाधिकारी होंगे शामिल
2027 में उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी मथुरा में बड़ा मंथन करने जा रही है। यहां के परखम में स्थित गौ ग्राम पर होने वाली इस बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ,दोनों उप मुख्यमंत्री,प्रदेश अध्यक्ष सहित 50 से ज्यादा पदाधिकारी शामिल होंगे। 2 दिन तक चलने वाली इस योजना बैठक में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को मथुरा पहुंच रहे हैं। दोपहर में मथुरा आयेंगे मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को लखनऊ से मथुरा आएंगे। मुख्यमंत्री के दो दिवसीय कार्यक्रम के अनुसार वह सोमवार दोपहर करीब 2:05 बजे राजकीय हेलीकॉप्टर से परखम स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगे। यहां से कार द्वारा दोपहर 2:15 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो अनुसंधान केंद्र परखम पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री यहां रात्रि विश्राम करेंगे। बरसाना में रमेश बाबा को देंगे श्रद्धांजलि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री मंगलवार 17 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे परखम स्थित गो अनुसंधान केंद्र से कार द्वारा हेलीपैड के लिए रवाना होंगे। दोपहर 2:35 बजे हेलीपैड पहुंचने के बाद राजकीय हेलीकॉप्टर से बरसाना के लिए रवाना होंगे। दोपहर 2:50 बजे मुख्यमंत्री मान मंदिर स्थित माताजी गौशाला बरसाना स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री यहां ब्रह्मलीन रमेश बाबा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके लिए दोपहर 3 बजे से 3:15 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। इसके बाद मुख्यमंत्री बरसाना से हेलीकॉप्टर द्वारा आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वह फतेहाबाद के पूर्व विधायक स्वर्गीय छोटेलाल वर्मा के आवास पर जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम 4:40 बजे राजकीय वायुयान से लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे और शाम 5:50 बजे लखनऊ स्थित 5 कालिदास मार्ग पहुंचेंगे। शीर्ष नेतृत्व जुटेगा पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्मस्थली पर 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा का शीर्ष नेतृत्व सोमवार से दो दिन के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्मस्थली पर जुटेगा। परखम स्थित गौ ग्राम में होने वाली योजना बैठक के दौरान विधानसभा चुनाव, संगठन में बूथ स्तर तक मजबूती और आगामी योजनाओं को लेकर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा आगामी चुनाव में क्या राजनीतिक चुनौतियां आएंगी, विपक्षी दलों से कैसे निपटा जाए,सोशल मीडिया सरकार की योजनाओं का प्रचार प्रसार आदि पर मंथन किया जाएगा। अशोक सिंघल स्मृति सभागार में होगी बैठक बैठक परखम स्थित गौ ग्राम के अशोक सिंघल स्मृति सभागार में होगी। इस बैठक में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी एल संतोष, प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल,प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े,प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी,मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ,उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक,केशव प्रसाद मौर्या के अलावा अन्य पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। बैठक में दूसरे प्रदेशों से उत्तर प्रदेश में लगाए गए 6 संगठन मंत्रियों की मौजूदगी सबसे अहम रहेगी। पार्टी नेतृत्व इनसे जमीनी हकीकत की रिपोर्ट लेगा। इस बैठक में शामिल होने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मंगलवार को मथुरा आयेंगे। मथुरा के जरिए दिया जाएगा संदेश भाजपा से जुड़े सूत्रों के अनुसार मथुरा में आयोजित होने वाली इस बैठक के जरिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश को साधे रखना और अयोध्या,काशी में हुए विकास के बाद भगवान श्री कृष्ण की जन्मस्थली को संवारने का संदेश दिया जाएगा। अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर बन गया,बनारस में कॉरिडोर बनाकर भव्यता दी गई अब बारी भगवान श्री कृष्ण की भूमि की है। पार्टी चाहती है यहां भी विरासत को विकास से जोड़ा जाए। यही बजह है कि यह बैठक यहां आयोजित की गई है। । मीडिया को रखा जाएगा दूर परखम के गौग्राम में होने वाली इस योजना बैठक से मीडिया को दूर रखा जा रहा है। पार्टी का स्थानीय स्तर से लेकर प्रदेश और राष्ट्रीय पदाधिकारी कुछ भी बताने को तैयार नहीं है। पार्टी के लोगों का कहना है यह बैठक बेहद गोपनीय है। इसमें क्या होगा,कौन कौन शामिल होगा इसकी कोई जानकारी नहीं है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)