सीरीज जीत के बाद गंभीर का पोस्ट-बॉलर्स सीरीज जिताते हैं:श्रेयस बोले- बदलते हालात में जीत बड़ी उपलब्धि; सैंटनर- 209 रन चेज करने थे
भारत ने न्यूजीलैंड को उसी के घर में पांचवें वनडे में 22 रन से हराकर सीरीज 3-1 से जीत ली।जीत के बाद हेड कोच गौतम गंभीर ने सोशल मीडिया पर लिखा- गेंदबाज आपको सीरीज जिताते हैं। कप्तान श्रेयस अय्यर ने मैच के बाद कहा, बदलते मौसम और हालात में यह जीत बड़ी उपलब्धि है। वहीं न्यूजीलैंड टीम के कप्तान मिचेल सैंटनर बोले, हमें 209 रन चेज करने थे। श्रेयस बोले- यह बल्लेबाजों की सीरीज नहीं थी सीरीज जीत के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा कि न्यूजीलैंड में टी-20 और वनडे दोनों सीरीज जीतना बड़ी उपलब्धि है। यहां मौसम और खेलने की परिस्थितियां लगातार बदलती रहीं। टीम को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन खिलाड़ियों ने उनका सामना किया। श्रेयस ने कहा कि आखिरी मैच में बल्लेबाजी में ज्यादा रन नहीं बने, फिर भी टीम को भरोसा था कि वह किसी भी समय मैच का रुख बदल सकती है। सभी खिलाड़ियों ने एक जैसी सोच रखी और उसे मैदान पर लागू किया। उन्होंने कहा- पूरी सीरीज देखें तो यह बल्लेबाजों की सीरीज नहीं थी। गेंदबाजों ने मौके पर जिम्मेदारी संभाली और अलग-अलग परिस्थितियों में टीम को जीत दिलाने का भरोसा दिखाया। खिलाड़ियों का यही रवैया और उनका चरित्र टीम के लिए जरूरी है। सैंटनर बोले- 209 रन पर भारत को रोककर खुश था न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने कहा कि पिच दो गति वाली थी। कुछ गेंदें तेजी से आ रही थीं, जबकि कुछ धीमी थीं। भारतीय गेंदबाजों ने सही फील्ड लगाकर बल्लेबाजों पर दबाव बनाया और पिच के उछाल का भी अच्छा इस्तेमाल किया। सैंटनर ने कहा कि पहली पारी के बाद वह 209 रन के स्कोर से खुश थे। उन्हें लगा था कि उनकी टीम इस लक्ष्य को हासिल कर सकती है। माइकल ब्रेसवेल ने बीच के ओवरों में अच्छी बल्लेबाजी की और गेंदबाजों ने लगातार विकेट निकाले, लेकिन साझेदारियां ज्यादा देर तक नहीं टिक सकीं। सिराज ने कहा था- ये रन बहुत जरूरी होंगे प्लेयर ऑफ द मैच बने अर्शदीप सिंह ने आखिरी ओवरों में बल्लेबाजी से मिले योगदान पर बात की। उन्होंने चार गेंदों में 14 रन बनाए, जिसमें दो छक्के शामिल थे। अर्शदीप ने कहा कि उन्हें बल्लेबाजी करना पसंद है। वह 11वें नंबर पर भी उतरें तो रन बनाने की कोशिश करते हैं। उन्होंने मजाक में बताया कि टीम के कुछ लोग कहते हैं कि वह गेंद से डरते हैं, लेकिन वह जगह बनाकर शॉट खेलने की कोशिश करते हैं। अर्शदीप ने बताया कि जब भारत की पारी खत्म हुई तो मोहम्मद सिराज ने उनसे कहा था कि ये रन बहुत काम आएंगे। गेंदबाजी पर उन्होंने कहा कि टीम लगातार सही लाइन और लेंथ पर गेंद डालती रही। विकेट नहीं मिल रहे थे, तब भी गेंदबाजों ने अपनी रणनीति नहीं छोड़ी। आखिरकार उन्हें इसका नतीजा मिला और टीम मैच जीत गई। गुरनूर प्लेयर ऑफ द सीरीज, अर्शदीप को मैच का अवॉर्ड अर्शदीप सिंह को आखिरी वनडे में 14 रन और 3 विकेट के प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। गुरनूर बरार प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे। उन्होंने 4 मैचों में 9 विकेट लिए। ----------------- यह खबर भी पढ़ें… भारत 7 साल बाद न्यूजीलैंड में वनडे सीरीज जीता, 5वें मैच में 22 रन से हराया भारत ने 7 साल बाद न्यूजीलैंड में वनडे सीरीज 3-1 से अपने नाम की है। पांच मैचों की सीरीज का आखिरी मुकाबला टीम ने 22 रन से जीत लिया। टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड में आखिरी बार 2019 में 4-1 से सीरीज जीती थी। पढ़ें पूरी खबर…
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)