आंवला नवमी पर महिलाओं ने की आंवले की पूजा:इटावा में परिवार की सुख-समृद्धि की कामना, पेड़ को बांधा कच्चा सूत

Nov 18, 2026 - 15:27
0
आंवला नवमी पर महिलाओं ने की आंवले की पूजा:इटावा में परिवार की सुख-समृद्धि की कामना, पेड़ को बांधा कच्चा सूत
इटावा शहर के कम्पनी गार्डन में बुधवार सुबह से ही महिलाओं ने श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ आंवला नवमी का पर्व मनाया। इस मौके पर महिलाओं ने आंवले के पेड़ के नीचे भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा-अर्चना की। साथ ही पेड़ की परिक्रमा कर परिवार की सुख-समृद्धि, पति की लंबी उम्र और संतान के अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। महिलाओं ने बताया कि कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी को आंवला नवमी, अक्षय नवमी और इच्छा नवमी के नाम से भी जाना जाता है। हिंदू धर्म में इस पर्व का विशेष महत्व है। मान्यता है कि आंवले के पेड़ की पूजा करने से परिवार में सुख-शांति बनी रहती है और घर में खुशहाली आती है। सुबह से ही कम्पनी गार्डन में महिलाओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा की महिलाओं ने आंवले के पेड़ की जड़ में जल और कच्चा दूध चढ़ाया। इसके बाद रोली-चावल से तिलक लगाकर धूप-दीप जलाए और कच्चा सूत बांधकर पेड़ की परिक्रमा की। इस दौरान महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा की और धार्मिक कथा भी सुनी। पूजा के बाद महिलाओं ने आंवले के पेड़ के नीचे बैठकर प्रसाद और सात्विक भोजन ग्रहण किया। साथ ही एक-दूसरे को आंवला नवमी पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर अंजू भसीन, रेनू चांदना, शगुन चौहान, उर्वशी त्रिपाठी, आराधना सक्सेना, शीनू गुप्ता और दीपा जैन सहित कई महिलाएं मौजूद रहीं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User