अखिलेश यादव और निजी सचिव के खिलाफ सुनवाई टली:सुल्तानपुर MP-MLA कोर्ट में 20 नवंबर को अगली सुनवाई, थाने की रिपोर्ट पेश हुई
साल 2004 के सैफई महोत्सव के दौरान करंट लगने से एक बिजलीकर्मी गंभीर रूप से झुलस गया था। पीड़ित को अब तक मुआवजा नहीं मिला है और उसका फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र भी जारी कर दिया गया। इस मामले में दाखिल परिवाद पर बुधवार दोपहर एक बजे सुल्तानपुर की एमपी-एमएलए कोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान संबंधित थाने की रिपोर्ट अदालत में पेश कर दी गई। अब इस मामले में अगली सुनवाई आगामी 20 नवंबर को तय की गई है। 2004 में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से झुलसा था कर्मचारी परिवादी के अधिवक्ता काशी प्रसाद शुक्ला के अनुसार, गोसाईगंज थाना क्षेत्र के सुरौली निवासी मोहम्मद अली ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनके निजी सचिव गजेंद्र के खिलाफ यह परिवाद दाखिल किया है। आरोप है कि वर्ष 2004 में सैफई महोत्सव के दौरान अखिलेश यादव के निर्देश पर मोहम्मद अली अन्य कर्मचारियों के साथ बिजली का कार्य कर रहे थे। इसी बीच ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के करंट की चपेट में आने से वे गंभीर रूप से झुलस गए थे। 15.05 लाख मुआवजे का वादा अधूरा, फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने का आरोप परिवादी पक्ष का कहना है कि उस समय इलाज और मुआवजे के तौर पर 15 लाख 5 हजार रुपये देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन आज तक भुगतान नहीं हुआ। जब रकम नहीं मिली तो पीड़ित ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया, जहां से उन्हें निचली अदालत जाने का निर्देश मिला। परिवाद में यह भी गंभीर आरोप लगाया गया है कि निजी सचिव गजेंद्र ने मोहम्मद अली का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किया, जिस पर उनके हस्ताक्षर मौजूद हैं। बीते 3 नवंबर को दाखिल हुए इस परिवाद में 7 और 18 नवंबर के बाद अब 20 नवंबर की तारीख नियत की गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)