अमेठी में लोन का झांसा देकर खाते खुलवाने वाला गिरफ्तार:साइबर ठगी के लिए खुलवाता था खाता, पहले भी जा चुका है जेल

Nov 22, 2026 - 18:44
0
अमेठी में लोन का झांसा देकर खाते खुलवाने वाला गिरफ्तार:साइबर ठगी के लिए खुलवाता था खाता, पहले भी जा चुका है जेल
अमेठी में लोन दिलाने का झांसा देकर लोगों के नाम पर बैंक खाते और सिम कार्ड खुलवाने वाले गिरोह के सदस्य मो. कैफ को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरोह के दो सदस्य संजय पांडेय और प्रदीप कुमार तिवारी पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं। गौरीगंज थाना क्षेत्र के लुगरी गांव के रहने वाले अखिलेश पुत्र रामसरन ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत की थी। उन्होंने बताया कि 27 अक्टूबर को दो लोग मोटरसाइकिल से उनकी दुकान पर आए और बैंक खाते में रुपए भेजकर नकद लेने की बात कही। अखिलेश के मना करने पर दोनों ने उन्हें डराया-धमकाया और क्यूआर कोड के जरिए रुपए भेजकर नकद ले गए। इसके बाद वे हर दूसरे-तीसरे दिन दुकान पर आते और इसी तरह रुपए लेते रहे। अखिलेश का बैंक खाता फ्रीज होने के बाद उनकी शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज किया गया। पुलिस ने इसी मामले में जगदीशपुर थाना क्षेत्र के लोधियावां के रहने वाले मो. कैफ पुत्र मो. आलम खान को गिरफ्तार किया। पूछताछ में कैफ ने बताया कि वह एयरटेल कंपनी में सिम कार्ड एक्टिवेट करने और एयरटेल पेमेंट्स बैंक में ऑनलाइन खाते खोलने का काम करता है। उसके मुताबिक, गिरोह के दूसरे सदस्य लोन दिलाने के नाम पर लोगों को उसके पास लाते थे। वह धोखे से उनके नाम पर सिम जारी कराता और एयरटेल पेमेंट्स बैंक में खाते खोलता था। इसके बाद डेबिट कार्ड, यूपीआई पिन और डेबिट कार्ड पिन बनाकर संजय पाण्डेय और प्रदीप कुमार तिवारी को देता था। इसके बदले उसे रुपए मिलते थे। कैफ ने बताया कि गिरोह इन खातों और सिम कार्ड का इस्तेमाल साइबर ठगी के लिए करता था। पुलिस ने उसके पास से एक बायोमेट्रिक डिवाइस, एयरटेल पेमेंट्स बैंक से जुड़े बिजनेस कार्ड के छह बंद लिफाफे, CO2 NEUTRAL कार्ड के 11 बंद लिफाफे और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User