बदायूं पहुंचा शहीद अंकुश का शव:फूलों से सजी गाड़ी में रखा पार्थिव शरीर, अंतिम यात्रा में जुटे सैकड़ों लोग
हरियाणा के हिसार में भारतीय सेना के युद्ध अभ्यास के दौरान टैंक की चपेट में आने से यूपी के दो जवान शहीद हो गए। इनमें बदायूं के नायक अंकुश कुमार और शामली निवासी नायक मनीष कुमार शामिल हैं। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों जवानों के शवों का पोस्टमॉर्टम कराया गया। इसके बाद शहीद अंकुश का शव आज सुबह 9 बजे बदायूं पहुंचा। इसके बाद उनकी शवयात्रा शुरू हुई। फूलों से सजी गाड़ी में अंकुश का पार्थिव शरीर रखा गया। गाड़ी के पीछे 5 किमी तक लोग पैदल चलकर भारत माता की जय- अंकुश कुमार अमर रहें…के जयकारे लगाते हुए उनके घर पहुंचे। छुट्टी पर घर आने का प्लान था, शव आया नायक अंकुश कुमार बदायूं में सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के आमगांव के रहने वाले थे। उनके ताऊ के बेटे अमित कुमार ने बताया कि शनिवार को दोपहर करीब 2 बजे अंकुश ने अपने बच्चों से फोन पर बात की थी। वह रविवार को घर आने वाले थे। लेकिन उससे पहले हादसा हो गया। परिवार में पत्नी पूजा, बेटा हर्ष (7) और बेटी नंदिनी (11) हैं। उनका छोटा भाई विनीत नौकरी करता है। अंकुश 2010 में नागपुर के कांठी से भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। दो साल पहले उनका प्रमोशन हुआ था। अंकुश के पिता आदेश कुमार भी सेना से रिटायर हैं। उनके चाचा घनेन्द्र सिंह और ताऊ के बेटे अमित कुमार भी सेना में सेवा दे चुके हैं और रिटायर हो चुके हैं। जानिए कैसे टैंक से हुआ हादसा… भोजराज क्षेत्र में सेना का रूटीन युद्ध अभ्यास चल रहा था। इसमें करीब 32 टैंक एक साथ मूवमेंट कर रहे थे। भारी टैंकों के चलने से इलाके में धूल का घना गुबार उठ गया। इससे सामने देखने की क्षमता काफी कम हो गई। इसी दौरान एक टैंक के ड्राइवर को आगे मोर्चे पर तैनात जवान दिखाई नहीं दिए और टैंक दोनों के ऊपर से गुजर गया। गंभीर हालत में मिलिट्री अस्पताल पहुंचाया हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद सेना के जवानों और अधिकारियों ने दोनों घायलों को संभाला। उन्हें बिना देरी किए हिसार के मिलिट्री अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चोटें गंभीर होने के कारण डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)