पीलीभीत में बरातघर में घुसकर बारातियों से मारपीट:SSB जवान और सिपाही समेत तीन गिरफ्तार; 12 लोगों पर केस दर्ज

Nov 23, 2026 - 09:54
0
पीलीभीत में बरातघर में घुसकर बारातियों से मारपीट:SSB जवान और सिपाही समेत तीन गिरफ्तार; 12 लोगों पर केस दर्ज
पीलीभीत के एक बरातघर में घुसकर बारातियों से मारपीट और पिस्टलनुमा लाइटर लहराने के मामले में पुलिस ने एसएसबी जवान और यूपी पुलिस के सिपाही समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार शाम 5 बजे 12 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया। घटना सुनगढ़ी थाना क्षेत्र में टनकपुर-बरेली हाईवे स्थित शिव शक्ति बरातघर की है। ग्राम रूपपुर कृपा निवासी जितेंद्र वर्मा के भाई की शादी शुक्रवार, 21 नवंबर की रात हो रही थी। रात करीब 10 बजे बरातघर के गेट पर तिलक का कार्यक्रम चल रहा था। ग्रीन सिटी कॉलोनी निवासी सचिन कार लेकर वहां से गुजर रहा था। गेट के सामने से कार निकालने को लेकर उसकी बारातियों से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर सचिन ने फोन कर राजीव कॉलोनी निवासी अपने रिश्तेदार ऋषिपाल सिंह, रजनीश और रुस्तम समेत करीब 12 लोगों को बुलाया। आरोप है कि लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंचे लोगों ने बरातघर में घुसकर बारातियों को पीटा। उन्होंने पिस्टलनुमा लाइटर लहराकर लोगों को डराया। इस दौरान बाराती और घराती वहां से भागने लगे। हमले में रूपपुर कृपा निवासी मुकेश गंगवार, शिवम और नितेश घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सूचना मिलने पर सुनगढ़ी प्रभारी निरीक्षक नरेश त्यागी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हालात बिगड़ने पर कोतवाली पुलिस को भी बुलाया गया। दोनों थानों की पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को वहां से हटाकर स्थिति संभाली। पीड़ित जितेंद्र वर्मा की शिकायत पर पुलिस ने 12 आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। गिरफ्तार आरोपियों में सचिन, खटीमा में तैनात एसएसबी कांस्टेबल; ऋषिपाल सिंह, संभल जिले की चंदौसी कोतवाली में तैनात यूपी पुलिस सिपाही; और रजनीश कुमार शामिल हैं। सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा ने बताया कि चौथे नामजद आरोपी रुस्तम और अन्य अज्ञात हमलावरों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User