AMU छात्रसंघ चुनाव: कैंपस में चुनावी त्योहार:अध्यक्ष 6 और उपाध्यक्ष के लिए 6-6 दावेदार, सचिव पर 3 ने ठोकी ताल, कल शाम आएगी अंतिम मतदाता सूची, 29 से नामांकन
आठ साल बाद अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) में छात्रसंघ चुनाव की बहाली ने कैंपस को चुनावी रंग में रंग दिया है। हॉस्टलों से संकायों तक प्रचार की हलचल है, क्षेत्रीय लॉबियों ने अपने-अपने प्रत्याशी उतार दिए हैं और अब दूसरी लॉबियों का समर्थन हासिल करने के लिए भी जोड़-तोड़ शुरू हो गई है। अध्यक्ष पद पर छह, उपाध्यक्ष पद पर छह और सचिव पद पर तीन दावेदारों के नाम सामने आए हैं। सोमवार को सभी विभागों में मतदाता सूची चस्पा होने के बाद अब नामों में त्रुटि सुधार की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मंगलवार दोपहर 2 बजे तक संशोधन संबंधी आवेदन लिए जाएंगे और शाम 4 बजे अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी जाएगी। इसके बाद 29 अक्टूबर से नामांकन शुरू होंगे। चुनाव की सरगर्मी के बीच प्रत्याशी कैंपस की समस्याओं, छात्रों के अधिकारों और विश्वविद्यालय प्रशासन की जवाबदेही को लेकर अपनी प्राथमिकताएं भी सामने रख रहे हैं।
अध्यक्ष पद पर बिहार लॉबी के तीन दावेदार
अध्यक्ष पद के लिए अब तक छह नाम सामने आए हैं। वेस्ट यूपी-कश्मीर लॉबी से मोहम्मद इंतखाब, बिहार लॉबी से नोमान अशरफ, शरजील इकबाल और असमर फरीदी तथा गोंडा-बस्ती-सिद्धार्थनगर (GBS) लॉबी से अब्दुल वहीद और जुहैर अहमद दावेदारी कर रहे हैं। अलग-अलग क्षेत्रीय लॉबियों के प्रत्याशियों के मैदान में होने से इस पद पर मुकाबला दिलचस्प होने के आसार हैं।
उपाध्यक्ष पद पर दो छात्राओं की दावेदारी
उपाध्यक्ष पद के लिए भी छह दावेदार सामने आए हैं। गाजीपुर लॉबी से मोहम्मद साकिब, स्थानीय-वेस्ट लॉबी से सदन और अयमान हफीज, गोरखपुर लॉबी से नशरा नईम तथा स्थानीय लॉबी से इरफा खान और मोहम्मद अब्दुल्ला के नाम शामिल हैं। इस पद पर दो छात्राओं की दावेदारी भी चुनावी चर्चा का अहम पहलू है।
सचिव पद पर आजमगढ़ और वेस्ट लॉबी आमने-सामने
सचिव पद के लिए आजमगढ़ लॉबी से मोहम्मद हमदान और वेस्ट लॉबी से अहमद फराज राजी व ओवैस अहमद के नाम सामने आए हैं। हालांकि, अभी चुनावी समीकरण पूरी तरह तय नहीं हैं। प्रचार के साथ प्रत्याशियों के बीच अपने समर्थकों को मजबूत करने और दूसरी लॉबियों का समर्थन जुटाने की कोशिशें तेज हो गई हैं। प्रत्याशियों की संख्या में बदलाव की संभावना भी बनी हुई है।
बजट, फीस, हॉस्टल और प्लेसमेंट पर फोकस
सचिव पद के दावेदार मोहम्मद हमदान ने विश्वविद्यालय के बजट और खर्च का हिसाब सार्वजनिक करने की मांग उठाई। उनका आरोप है कि छात्रों से विकास के नाम पर फीस लेने के बावजूद कई विभागों में बारिश के दौरान छतों से पानी टपकता है और हॉस्टलों की हालत में सुधार की जरूरत है। उन्होंने फीस वृद्धि, छात्राओं की सुरक्षा और छात्रों पर शैक्षणिक दबाव को भी अहम मुद्दा बताया।
वहीं, अध्यक्ष पद के दावेदार मोहम्मद इंतखाब ने कहा कि छात्रसंघ की बहाली से छात्रों को अपनी समस्याएं उठाने के लिए निर्वाचित मंच मिलेगा। उन्होंने हॉस्टलों में आवास की कमी, छात्राओं की सुरक्षा और इंजीनियरिंग समेत कुछ फैकल्टी में प्लेसमेंट की समस्या को प्रमुख मुद्दा बताया। उनके मुताबिक, छात्रसंघ को कैंपस की समस्याओं के साथ छात्र हितों को प्रभावित करने वाली नीतियों पर भी लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठानी चाहिए।
कल शाम चार बजे अंतिम सूची, 29 से नामांकन
चुनाव अधिकारी प्रो. जावेद तालिब के अनुसार, मतदाता सूची में नाम संशोधन और त्रुटि सुधार के लिए मंगलवार दोपहर 2 बजे तक आवेदन लिए जाएंगे। इसके बाद मंगलवार शाम 4 बजे अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी जाएगी। नामांकन की प्रक्रिया 29 अक्टूबर से शुरू होगी। ऐसे में अगले दो दिन प्रत्याशियों के लिए अहम हैं। अंतिम सूची जारी होने के बाद चुनावी प्रचार और समर्थन जुटाने की कवायद और तेज होने की उम्मीद है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)