IPL ऑक्शन 16 दिसंबर को गोवा में होगा:इसी दिन भारत और श्रीलंका मैच; 15 नवंबर तक टीमें तय करेंगी किसे रखना है

Oct 26, 2026 - 17:02
0
IPL ऑक्शन 16 दिसंबर को गोवा में होगा:इसी दिन भारत और श्रीलंका मैच; 15 नवंबर तक टीमें तय करेंगी किसे रखना है
IPL के 2027 सीजन के लिए खिलाड़ियों की नीलामी 16 दिसंबर को गोवा में होगी। इससे पहले सभी 10 टीमों को 15 नवंबर तक बताना होगा कि वे अपने मौजूदा खिलाड़ियों में से किन्हें अपने साथ बनाए रखना चाहती हैं। 16 दिसंबर को ही भारत और श्रीलंका के बीच दूसरा वनडे बेंगलुरु में खेला जाना है। श्रीलंका की टीम 13 दिसंबर से भारत के दौरे पर रहेगी। इसमें 3 वनडे और 3 टी-20 खेले जाएंगे। तीन साल बाद भारत में क्यों हो रही नीलामी? पिछली तीन नीलामियां भारत से बाहर हुई थीं। 2024 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी दुबई, 2025 के लिए सऊदी अरब के जेद्दा और 2026 के लिए अबू धाबी में आयोजित की गई थी। नीलामी में हर टीम के मालिकों और अधिकारियों के अलावा कोचिंग स्टाफ तथा खिलाड़ियों की भर्ती से जुड़े प्रतिनिधि शामिल होते हैं। इतने लोगों के लिए विदेश यात्रा, होटल, स्थानीय परिवहन और दूसरे इंतजाम करना खर्चीला होने के साथ-साथ जटिल भी होता है। खासकर मिनी ऑक्शन में, जहां खिलाड़ियों की खरीदारी का दायरा मेगा ऑक्शन से छोटा होता है। 15 नवंबर की डेडलाइन के बाद क्या होगा? खिलाड़ियों को बनाए रखने की समय-सीमा खत्म होने के बाद IPL सभी फ्रेंचाइजियों को नीलामी में उपलब्ध खिलाड़ियों की लिस्ट भेजेगा। टीमें इस सूची में से उन खिलाड़ियों को चुनेंगी जिन पर वे बोली लगाना चाहती हैं। इसके बाद अंतिम सूची तैयार होगी और नीलामी से पहले खिलाड़ियों के अलग-अलग सेटों में आने का क्रम भी बताया जाएगा। इस प्रक्रिया का मतलब है कि नीलामी के दिन ही टीमें पहली बार खिलाड़ियों के नाम नहीं देखेंगी। वे पहले से अपनी जरूरतों का आकलन करेंगी। जैसे किसी टीम को तेज गेंदबाज चाहिए, किसी को बीच के ओवरों में विकेट लेने वाला स्पिनर और किसी को दबाव में तेजी से रन बनाने वाला बल्लेबाज। इसके बाद तय बजट के हिसाब से खिलाड़ियों पर बोली लगाई जाएगी। इसीलिए BCCI ने ऑक्शन और रिटेंशन के नीच एक महीने का गैप रखा है। मिनी ऑक्शन और मेगा ऑक्शन में क्या फर्क है? IPL में खिलाड़ियों की नीलामी दो तरह से होती है। मिनी ऑक्शन में टीमें अपने मौजूदा खिलाड़ियों के बड़े हिस्से को बनाए रख सकती हैं और खाली जगहों को भरने के लिए नए खिलाड़ियों को खरीदती हैं। मेगा ऑक्शन में टीमों को बड़े पैमाने पर बदलने का अवसर मिलता है और फ्रेंचाइजियों को अपनी टीम फिर से तैयार करनी पड़ सकती है। IPL 2027 मिनी ऑक्शन होगा। ट्रेड विंडो में अब तक सिर्फ दो सौदे नीलामी से पहले खिलाड़ियों की अदला-बदली के लिए ट्रेड विंडो भी खुली रहती है। इस दौरान दो फ्रेंचाइजियां आपसी सहमति से अपने खिलाड़ियों का ट्रांसफर कर सकती हैं। 2026 सीजन खत्म होने के बाद अब तक दो ट्रेड सामने आए हैं। जून में लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपने कप्तान ऋषभ पंत को दिल्ली कैपिटल्स के साथ ट्रेड किया और बदले में स्पिनर कुलदीप यादव को लिया। इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स ने तेज गेंदबाज टी. नटराजन को सनराइजर्स हैदराबाद भेजा और बदले में अनकैप्ड लेग स्पिनर जीशान अंसारी को लिया। IPL के नियमों के मुताबिक ट्रेड विंडो एक सीजन खत्म होने के एक महीने बाद खुलती है। यह नीलामी से एक सप्ताह पहले तक चलती है और फिर अगले सीजन की शुरुआत से एक महीने पहले तक दोबारा जारी रह सकती है। IPL 2027 कब शुरू होगा? BCCI ने IPL 2027 सीजन की तारीखों को अभी अंतिम रूप नहीं दिया है। 2024 में बोर्ड ने अगले तीन सीजन के लिए 14 मार्च से 30 मई तक का संभावित आयोजन समय तय किया था। हालांकि, सितंबर 2026 में BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने संकेत दिया था कि अगला सीजन मार्च के आखिरी हिस्से में शुरू हो सकता है। इम्पैक्ट प्लेयर नियम पर भी नजर नीलामी की तैयारी के साथ एक और सवाल चर्चा में है। क्या IPL में इम्पैक्ट प्लेयर नियम जारी रहेगा? इस नियम के तहत टीम मैच के दौरान एक खिलाड़ी की जगह दूसरे खिलाड़ी को मैदान पर उतार सकती है। BCCI ने सभी 10 फ्रेंचाइजियों से इस नियम पर लिखित प्रतिक्रिया मांगी थी। उपलब्ध रिपोर्टों के मुताबिक, कई टीमें इसे हटाने के पक्ष में हैं, जबकि कुछ का कहना है कि उन्होंने इसी नियम को ध्यान में रखकर अपनी टीम तैयार की है। इसलिए इसे तुरंत हटाने या जारी रखने पर अंतिम फैसला घोषित नहीं हुआ है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User