अप्रैल 2027 से शुरू होगा आईआईटी का सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल:2029 से एमबीबीएस व एमडी में होंगे एडमिशन, मेडिकल रिसर्च भी होगी

Nov 03, 2026 - 06:10
0
अप्रैल 2027 से शुरू होगा आईआईटी का सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल:2029 से एमबीबीएस व एमडी में होंगे एडमिशन, मेडिकल रिसर्च भी होगी
आईआईटी कानपुर में तैयार हो रहा 450 बेड का सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल अप्रैल 2027 से मरीजों के लिए सेवाएं देना शुरू कर देगा। इसके शुरू होने से कानपुर समेत आसपास के करीब दस जिलों के मरीजों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दिल्ली और मुंबई जैसे महानगरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। एमबीबीएस कराने वाले देश का पहला आईआईटी अस्पताल के संचालन के साथ चिकित्सा क्षेत्र में शोध गतिविधियां भी शुरू होंगी। वहीं, वर्ष 2029 से संस्थान में एमबीबीएस और एमडी पाठ्यक्रमों में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी है। ऐसा होने पर आईआईटी कानपुर इंजीनियरिंग के साथ एमबीबीएस की पढ़ाई कराने वाला देश का पहला आईआईटी बन जाएगा। छह विशेषज्ञताओं में मिलेगा इलाज आईआईटी के निदेशक प्रो. मणींद्र अग्रवाल ने बताया कि कैंपस में गंगवाल स्कूल ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी के तहत बन रहा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल लगभग तैयार हो चुका है। इस वर्ष अधिक बारिश के चलते निर्माण कार्य में कुछ देरी हुई है। अब अप्रैल 2027 में अस्पताल का औपचारिक उद्घाटन कराने की योजना है। अस्पताल में कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, ऑन्कोलॉजी और गैस्ट्रोएंटरोलॉजी समेत छह प्रमुख विशेषज्ञताओं में इलाज की सुविधा मिलेगी। आधुनिक चिकित्सा उपकरणों के साथ सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टर भी मरीजों को सेवाएं देंगे। इसके अलावा, वर्ष 2027 से चिकित्सा के गैर-क्लीनिकल क्षेत्र और मेडिकल इंजीनियरिंग से जुड़े एमटेक व पीएचडी पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। सरकारी डेटा सेंटर की साइबर सुरक्षा संभालेगा आईआईटी उत्तर प्रदेश सरकार लखनऊ में सरकारी आंकड़ों को सुरक्षित रखने के लिए डेटा सेंटर स्थापित कर रही है। इस सेंटर में प्रदेश के विभिन्न विभागों का डेटा रखा जाएगा। इसकी साइबर सुरक्षा का जिम्मा आईआईटी कानपुर को सौंपा गया है। संस्थान के निदेशक प्रो. मणींद्र अग्रवाल ने बताया कि आईआईटी ने साइबर सिक्योरिटी ऑपरेशंस सिस्टम विकसित किया है। यह तकनीक विभिन्न प्रकार के साइबर हमलों से निपटने में सक्षम है। लखनऊ के डेटा सेंटर को सुरक्षित रखने के लिए संस्थान के विकसित सिस्टम का इस्तेमाल किया जाएगा। आईआईटी और आईआईआईटी लखनऊ में स्थापित होंगे यू-हब प्रदेश में डीपटेक स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार यू-हब स्थापित करने जा रही है। इसके तहत प्रदेश में दो केंद्र बनाए जाएंगे। पहला केंद्र आईआईटी के नोएडा कैंपस में और दूसरा आईआईआईटी लखनऊ में स्थापित होगा। प्रो. मणींद्र अग्रवाल के मुताबिक, दोनों केंद्रों का उद्घाटन इसी महीने होने की संभावना है। इन यू-हब का मुख्य उद्देश्य डीपटेक क्षेत्र में नए स्टार्टअप विकसित करने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User