गोरखपुर में ट्रेन गुजरते ही भरभराकर गिरी 10 फीट दीवार:बाल-बाल बचे राहगीर; रेलवे ट्रैक तक पहुंचने का खुला रास्ता

Nov 03, 2026 - 06:10
0
गोरखपुर में ट्रेन गुजरते ही भरभराकर गिरी 10 फीट दीवार:बाल-बाल बचे राहगीर; रेलवे ट्रैक तक पहुंचने का खुला रास्ता
गोरखपुर में सोमवार शाम रेलवे ट्रैक से सटी करीब 10 फीट ऊंची दीवार अचानक भरभराकर बगल की सड़क पर गिर गई। घटना शाम करीब चार बजे की है। उस समय गोरखपुर जंक्शन से एक मालगाड़ी धर्मशाला होते हुए तरंग क्रॉसिंग की ओर जा रही थी। जैसे ही मालगाड़ी धर्मशाला होते हुए तरंग क्रॉसिंग तक पहुंचीं, उसी दौरान दीवार का एक हिस्सा ढहकर सड़क पर गिर पड़ा। गनीमत रही कि इसकी चपेट में कोई राहगीर या वाहन नहीं आया। इससे बड़ा हादसा टल गया। दीवार गिरने के बाद सड़क पर मलबा फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। लोगों ने बताया कि दीवार काफी पुरानी हो चुकी थी। बारिश के दिनों में लगातार नमी रहने के कारण इसकी हालत और कमजोर हो गई थी। आशंका है कि इसी वजह से दीवार अचानक गिर गई। हालांकि, दीवार गिरने का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे प्रशासन को इस दीवार का जल्द से जल्द दोबारा निर्माण कराना चाहिए। दीवार गिरने से रेलवे ट्रैक और सड़क के बीच खुला रास्ता बन गया है। ऐसे में आने वाले दिनों में लोग और पशु इसी रास्ते से रेलवे ट्रैक की ओर आ-जा सकते हैं। इससे ट्रेन की चपेट में आने और किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहेगी। घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया। सड़क पर फैले दीवार के मलबे को हटवाया गया, ताकि आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो। रेल अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को दीवार का जल्द से जल्द निर्माण कराने के निर्देश भी दिए हैं। स्थानीय लोगों ने भी मांग की है कि दीवार की मरम्मत में देरी न की जाए, जिससे भविष्य में किसी अनहोनी को रोका जा सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User