बागपत में गन्ना क्रय केंद्र आवंटन की मांग:हजूराबाद गढ़ी के किसानों की मांग, दौराला चीनी मिल को आवंटित हो गन्ना क्रय केंद्र

Oct 28, 2026 - 08:29
0
बागपत में गन्ना क्रय केंद्र आवंटन की मांग:हजूराबाद गढ़ी के किसानों की मांग, दौराला चीनी मिल को आवंटित हो गन्ना क्रय केंद्र
बागपत। जिले के हजूराबाद गढ़ी गांव के किसानों ने आगामी पेराई सत्र 2026-2027 में गन्ना क्रय केंद्र हजूराबाद गढ़ी-द्वितीय को दौराला चीनी मिल से आवंटित करने की मांग की है। किसानों का कहना है कि वे दौराला चीनी मिल की गन्ना खरीद और समय से भुगतान की व्यवस्था से पूरी तरह संतुष्ट हैं। ऐसे में इस क्रय केंद्र को दौराला चीनी मिल से ही संबद्ध रखा जाए, ताकि किसानों को गन्ना आपूर्ति करने में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। किसानों के अनुसार, पेराई सत्र 2024-25 में उनके गांव के गन्ना क्रय केंद्र हजूराबाद गढ़ी-द्वितीय को ब्रजनाथपुर चीनी मिल से हटाकर किनौनी चीनी मिल को आवंटित कर दिया गया था। हालांकि, ग्रामवासियों द्वारा किनौनी चीनी मिल को गन्ना आपूर्ति नहीं किए जाने के कारण किसानों को दौराला चीनी मिल के क्रय केंद्र बिनौली-द्वितीय पर गन्ना डालने की सुविधा दी गई थी। किसानों ने बताया कि दौराला चीनी मिल का क्रय केंद्र बिनौली-द्वितीय उनके गांव से करीब 9 से 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। यहां गन्ना आपूर्ति करने में उन्हें सुविधा मिल रही है। इसके साथ ही चीनी मिल की ओर से समय पर गन्ने की खरीद और भुगतान किए जाने से किसान संतुष्ट हैं। किसानों ने संबंधित अधिकारियों से आगामी पेराई सत्र 2026-2027 के लिए हजूराबाद गढ़ी-द्वितीय क्रय केंद्र दौराला चीनी मिल को आवंटित करने की मांग की है। किसानों ने स्पष्ट कहा कि वे किसी भी परिस्थिति में किनौनी चीनी मिल को गन्ना आपूर्ति नहीं करेंगे। अब किसानों की मांग है कि उनकी सुविधा और हितों को ध्यान में रखते हुए क्रय केंद्र के आवंटन पर निर्णय लिया जाए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User