अर्नब चक्रवात से 29-30 अक्टूबर को आंधी-बारिश की चेतावनी:बलरामपुर में डीएम ने लोगों से सतर्क रहने, सुरक्षा उपाय अपनाने की अपील की

Oct 28, 2026 - 07:54
0
अर्नब चक्रवात से 29-30 अक्टूबर को आंधी-बारिश की चेतावनी:बलरामपुर में डीएम ने लोगों से सतर्क रहने, सुरक्षा उपाय अपनाने की अपील की
बलरामपुर में बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान अर्नब के संभावित प्रभाव को देखते हुए बलरामपुर जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 29 और 30 अक्टूबर को जिले में तेज हवाएं चलने, आंधी-तूफान और बारिश के साथ बिजली कड़कने की आशंका है। इसे देखते हुए डीएम विपिन कुमार जैन ने जिलेवासियों से सतर्क रहने और सुरक्षा उपाय अपनाने की अपील की है। खराब मौसम में घरों से बाहर निकलने से बचें डीएम ने कहा कि खराब मौसम के दौरान लोग अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। कच्चे और जर्जर मकानों में रहने वाले लोग समय रहते सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं। तेज हवाओं के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और होर्डिंग के नीचे खड़े होने से बचें। बारिश के समय नदियों, नालों, तालाबों और जलभराव वाले इलाकों के आसपास जाने से भी परहेज करें। घरों में जरूरी सामान रखने की सलाह प्रशासन ने लोगों को खराब मौसम से निपटने के लिए पहले से तैयारी करने की सलाह दी है। घरों में टॉर्च, मोबाइल, पावर बैंक, जरूरी दवाएं, पीने का पानी और सूखा राशन उपलब्ध रखें। आंधी-तूफान के दौरान बिजली के उपकरणों के प्लग निकाल दें और गीले हाथों से स्विच न छुएं। मौसम की ताजा जानकारी के लिए रेडियो, टीवी और प्रशासन की आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखें। किसानों और वाहन चालकों को भी सतर्क रहने के निर्देश संभावित बारिश को देखते हुए किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने और संभव हो तो समय रहते कटाई पूरी करने की सलाह दी गई है। वाहन चालकों से धीमी गति में वाहन चलाने, हेडलाइट का इस्तेमाल करने और खराब मौसम में गैरजरूरी यात्रा से बचने को कहा गया है। सड़क पर पेड़ या बिजली के तार गिरने की स्थिति में तत्काल 1070 या 112 पर सूचना देने की अपील की गई है। अधिकारियों को राहत-बचाव के निर्देश डीएम ने संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को समय रहते सतर्क करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने नागरिकों से अफवाहों से दूर रहने और केवल अधिकृत सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User