श्रावस्ती में सड़क हादसे में युवती की मौत:मां ऑपरेशन के लिए पैसे नहीं जुटा सकी, बाइक चालक पर केस दर्ज

Oct 28, 2026 - 08:45
0
श्रावस्ती में सड़क हादसे में युवती की मौत:मां ऑपरेशन के लिए पैसे नहीं जुटा सकी, बाइक चालक पर केस दर्ज
श्रावस्ती के सोनवा थाना क्षेत्र में नौ दिन पहले सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवती की बहराइच जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। बेटी की जान बचाने के लिए मां ने हरसंभव प्रयास किया, लेकिन आर्थिक तंगी के चलते लखनऊ में ऑपरेशन के लिए जरूरी रकम का इंतजाम नहीं हो सका। पति की मौत के बाद रजाई-गद्दे बनाकर परिवार चलाने वाली मां पर अब जवान बेटी को खोने का दुख टूट पड़ा है। पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सड़क पार करते समय बाइक ने मारी टक्कर तुलसीपुर ग्राम पंचायत के मजरा जिनौठा निवासी 28 वर्षीय पानकली पत्नी सतगुरु प्रसाद करीब दो महीने पहले मायके आई थीं। नवरात्र की नवमी को सुबह करीब नौ बजे वह घर के सामने जमुनहा-बहराइच मार्ग पार कर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल पानकली को पहले निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां से उन्हें बहराइच रेफर कर दिया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर भेज दिया। ऑपरेशन के लिए रकम नहीं जुटा सकी मां पानकली की मां के मुताबिक, करीब एक सप्ताह पहले लखनऊ में ऑपरेशन के लिए बड़ी रकम की जरूरत बताई गई थी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह पैसों का इंतजाम नहीं कर सकीं। मजबूरी में बेटी को वापस बहराइच जिला अस्पताल लाना पड़ा, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सात साल पहले पति को खोया, अब बेटी की मौत पानकली की मां करीब सात साल पहले अपने पति को खो चुकी हैं। वह रजाई-गद्दे बनाकर परिवार का भरण-पोषण करती हैं। उनका कोई बेटा नहीं है और दोनों बेटियां ही उनका सहारा थीं। पानकली की भी कोई संतान नहीं थी। बेटी की मौत से परिवार में मातम पसरा है। अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज मृतका की मां की तहरीर पर सोनवा पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक घनश्याम यादव को सौंपी गई है। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User