बांदा में इस साल 60 हजार वाहनों के चालान:यातायात माह में अब तक 3 से 4 हजार पर कार्रवाई
बांदा जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इस साल अब तक करीब 60 हजार वाहनों के चालान किए जा चुके हैं। वहीं, एक नवंबर से शुरू हुए यातायात माह के दौरान भी करीब 3 से 4 हजार चालान किए गए हैं। पुलिस अब यातायात नियमों का पालन कराने के लिए जागरूकता के साथ सख्ती भी बरत रही है। सीओ ट्रैफिक प्रतिज्ञा सिंह ने बताया कि यातायात माह में पांच-ई मॉडल पर काम किया जा रहा है। इसमें एजुकेशन, एनवायरनमेंट, रोड इंजीनियरिंग, एनफोर्समेंट और इमरजेंसी को शामिल किया गया है। इसके तहत लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए स्कूल-कॉलेजों में अभियान चलाया जाएगा। ट्रैफिक टीम स्कूलों में पहुंचकर बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी देगी। नुक्कड़ नाटक और मोटर व्हीकल एक्ट के बारे में भी बताया जाएगा। उन्होंने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई जारी रहेगी। इसमें शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार, बिना हेलमेट बाइक चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल समेत अन्य कम्युनिकेशन डिवाइस का इस्तेमाल करने वालों पर विशेष नजर रहेगी। शहर के कई चौराहों पर एएनपीआर (ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन) कैमरे भी लगाए गए हैं। इनके जरिए वाहनों की नंबर प्लेट पहचानकर नियम तोड़ने वालों के स्वचालित चालान किए जाएंगे। सीओ ट्रैफिक ने कहा कि चालान का उद्देश्य केवल लोगों पर जुर्माना लगाना नहीं, बल्कि उन्हें यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क हादसों से बचाना है। उन्होंने लोगों से खुद के साथ परिवार की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)