बाराबंकी में विवाहिता की मौत:मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया, बोले- 20 लाख रुपए और हीरे की अंगूठी के बाद भी नहीं भरा मन

Nov 01, 2026 - 12:33
0
बाराबंकी में विवाहिता की मौत:मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया, बोले- 20 लाख रुपए और हीरे की अंगूठी के बाद भी नहीं भरा मन
बाराबंकी में करवा चौथ के कुछ दिन बाद विवाहिता वैष्णवी गुप्ता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बेटी की मौत की खबर मिलते ही उन्नाव से पहुंचे मायके वालों में कोहराम मच गया। परिजनों ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या के बाद शव फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि वैष्णवी के शरीर पर चोट के निशान और गले पर भी निशान थे। परिजनों ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है। 2023 में हुई थी शादी, 20 लाख रुपए और हीरे की अंगूठी दी जानकारी के मुताबिक, उन्नाव के पुरानी बाजार निवासी पीयूष गुप्ता ने अपनी बहन वैष्णवी की शादी 15 फरवरी 2023 को बाराबंकी नगर कोतवाली क्षेत्र के गुलरियागर्दा मोहल्ले के आकाश गुप्ता से की थी। आकाश की घंटाघर के पास प्रार्थना बर्तन भंडार नाम से दुकान है। पीयूष का आरोप है कि शादी में परिवार ने 20 लाख रुपए नकद और दूल्हे को हीरे की अंगूठी दी थी। इसके बावजूद शादी के बाद से ही वैष्णवी को दहेज के लिए परेशान किया जाने लगा। पति समेत 5 लोगों पर प्रताड़ना का आरोप मायके वालों ने पति आकाश गुप्ता, ससुर सुभाष गुप्ता, सास नीलम उर्फ रानी गुप्ता, ननद प्रार्थना गुप्ता उर्फ रिया गुप्ता और देवर अक्षांश गुप्ता उर्फ अर्जुन गुप्ता पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि ससुराल में आए दिन नई-नई मांगें की जाती थीं। मायके वाले अपनी सामर्थ्य के अनुसार मांगें पूरी करते रहे, लेकिन धीरे-धीरे मांगें बढ़ती गईं और उन्हें पूरा करना मुश्किल हो गया। भाभी का आरोप- मारपीट के बाद हत्या कर शव लटकाया वैष्णवी की भाभी स्वाति गुप्ता ने आरोप लगाया कि उनकी ननद को पहले मारापीटा गया और फिर हत्या कर शव को फंदे पर लटका दिया गया। उनका दावा है कि कमरे में दुपट्टे के चार-पांच टुकड़े मिले थे। वैष्णवी के शरीर पर जगह-जगह चोट के निशान थे और गले पर भी निशान दिखाई दे रहे थे। स्वाति के मुताबिक, वैष्णवी का शरीर नीला पड़ा हुआ था। परिजनों का आरोप है कि वैष्णवी को लंबे समय से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। पति के शराब पीकर आने और मारपीट करने की बात भी उन्होंने कही है। करवा चौथ पर भी सामान को लेकर ताने देने का आरोप मायके वालों के मुताबिक, करवा चौथ के दौरान भी वैष्णवी को परेशान किया गया था। मायके से सामान नहीं आने और बेहतर सामान नहीं देने को लेकर उसे ताने दिए जाते थे। भाभी स्वाति का आरोप है कि वैष्णवी को उसके मायके की आर्थिक स्थिति का हवाला देकर अपमानित किया जाता था। कहीं आने-जाने पर भी पैसे और सामान लाने की मांग की जाती थी। परिजनों का कहना है कि मांग पूरी नहीं होने पर वैष्णवी को उल्टा-सीधा सुनना पड़ता था। वह मानसिक तनाव में रहती थी और पति से खुश नहीं थी। आरोप है कि पति उसका साथ देने के बजाय अपनी मां का पक्ष लेते थे। उसे कहीं घुमाने तक नहीं ले जाया जाता था। मायके वालों से फोन पर बात करने को लेकर भी आपत्ति जताई जाती थी। परिजनों को अलग-अलग बातें बताने का आरोप मृतका के परिजन अरविंद गुप्ता ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर संपर्क किया तो पहले कहा गया कि वैष्णवी बात करने की स्थिति में नहीं है और परिजन आकर मिल लें। जब वे ससुराल पहुंचे तो उन्हें फांसी लगाने की बात बताई गई। अरविंद का आरोप है कि घटना को लेकर अलग-अलग लोगों को अलग-अलग बातें बताई गईं और उन्हें गुमराह किया जाता रहा। ससुराल पक्ष की ओर से वैष्णवी को अस्पताल ले जाने की बात कही गई, लेकिन अस्पताल की पर्ची या प्रमाण मांगने पर स्पष्ट जवाब नहीं मिला। परिजनों ने रात करीब एक बजे डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। निष्पक्ष जांच और गिरफ्तारी की मांग वैष्णवी की मौत के बाद मायके वालों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का कहना है कि उन्होंने पुलिस और महिला थाने में शिकायत दी है। उनकी मांग है कि पति समेत सभी आरोपितों की भूमिका की जांच कर जल्द गिरफ्तारी की जाए। फिलहाल वैष्णवी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह जांच का विषय है। परिजनों के आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर ही हो सकेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User