भाजपा में सम्मान नहीं मिला, इसलिए सपा में आया- देव:श्रावस्ती में बोले, दोनों विधानसभा सीटें जीतकर सबसे बड़ी माला लखनऊ भेजना लक्ष्य
श्रावस्ती जिला पंचायत सदस्य देव प्रताप सिंह ने समाजवादी पार्टी में शामिल होने के बाद आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर अपनी प्राथमिकताएं बताईं। रविवार शाम करीब चार बजे मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य श्रावस्ती की दोनों विधानसभा सीटों पर सपा को जीत दिलाना और जिले का विकास करना है। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा की 350 से ज्यादा सीटें जीतकर सरकार बनाने का दावा भी किया। अखिलेश यादव का हर आदेश मानेंगे देव प्रताप सिंह करीब 10 दिन पहले सपा में शामिल हुए थे। उनके पिता और समाजसेवी तेज प्रताप सिंह ने भी पार्टी की सदस्यता ली है। देव प्रताप ने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से जो भी आदेश मिलेगा, उसे कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर पूरा करेंगे। श्रावस्ती की दोनों विधानसभा सीटें जीतकर सबसे बड़ी माला लखनऊ भेजना उनका लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि जिले के वरिष्ठ पदाधिकारियों का फैसला सभी के लिए सर्वोपरि होगा। भाजपा में सम्मान नहीं मिला, इसलिए छोड़ी पार्टी भाजपा छोड़ने के सवाल पर देव प्रताप ने कहा कि वहां उन्हें सम्मान नहीं मिल रहा था। इसी वजह से उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने मौका दिया तो श्रावस्ती का पिछड़ापन दूर करने और जिले को विकास की राह पर आगे बढ़ाने के लिए काम करेंगे। श्रावस्ती विधानसभा सीट से सपा के कई दावेदार होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जहां विकास की बात होती है, वहां दावेदारों की भीड़ जुटती है। उन्होंने सपा कार्यालय में टिकट मांगने वालों की भीड़ का जिक्र करते हुए इसकी तुलना दूसरे दलों के कार्यालयों से की। उनके मुताबिक, इससे प्रदेश के राजनीतिक माहौल का अंदाजा लगाया जा सकता है। युवाओं में पकड़ का दावा, चुनावी दौड़ में नाम देव प्रताप सिंह को श्रावस्ती विधानसभा क्षेत्र में युवा और चर्चित राजनीतिक चेहरों में गिना जाता है। उनकी युवाओं समेत विभिन्न वर्गों में अच्छी पकड़ बताई जाती है। आगामी विधानसभा चुनाव में उन्हें भी संभावित दावेदार माना जा रहा है। हालांकि, उन्होंने फिलहाल अपनी प्राथमिकता श्रावस्ती की दोनों सीटों पर सपा की जीत और जिले के विकास को बताया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)