मेरठ में दो महीने का पर्शियन बिल्ली का बच्चा चोरी:CCTV में दिखीं बुरखा पहनी महिलाएं, बच्ची के साथ लेकर गईं
मेरठ में चोरी की घटनाओं के बीच अब चोरों ने एक ऐसे मासूम को निशाना बनाया है, जिसके चोरी होने से उसके मालिक परेशान हैं। मामला कोई सोने-चांदी या नकदी की चोरी का नहीं, बल्कि महज दो महीने के पर्शियन नस्ल के बिल्ली के बच्चे का है। रेलवे रोड थाना क्षेत्र की मोहल्ला महताब स्थित भूसा मंडी के पास हुई इस घटना ने लोगों को हैरान कर दिया है। वारदात को अंजाम देने वाली महिलाएं बुरखा पहनकर पहुंची थीं। उनके साथ एक बच्ची भी दिखाई दे रही है। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के मुताबिक रविवार को कुछ महिलाएं एक बच्ची के साथ इलाके में पहुंचीं और मौका देखकर दो महीने के पर्शियन किटन को अपने साथ लेकर चली गईं। बताया जा रहा है कि बिल्ली का बच्चा बेहद छोटा था। महिलाओं ने जिस तरह से इस घटना को अंजाम दिया, उससे मामला सामान्य चोरी के बजाय पहले से सोची-समझी हरकत नजर आ रहा है। हालांकि, महिलाओं ने किस वजह से बिल्ली के बच्चे को चोरी किया, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
*CCTV में कैद हुई पूरी कहानी*
घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में बुरखा पहने महिलाएं और उनके साथ मौजूद एक बच्ची दिखाई दे रही है। फुटेज में बिल्ली के बच्चे को ले जाने की पूरी गतिविधि कैद होने की बात कही जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में यह घटना चर्चा का विषय बन गई है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर दो महीने के इस पर्शियन किटन को महिलाएं कहां ले गईं? क्या उसे बेचने के इरादे से चोरी किया गया या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है? फिलहाल इन सवालों के जवाब सामने नहीं आए हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिलाओं की पहचान और बिल्ली के बच्चे की तलाश अहम है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)