भाजपा प्रदेश कार्यसमिति में अशोक प्रधान की वापसी:बुलंदशहर सांसद डॉ. भोला सिंह स्थाई सदस्य बने, कई दिग्गज शामिल
भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार रात उत्तर प्रदेश कार्यसमिति की नई सूची की घोषणा कर दी है, जिसमें बुलंदशहर जिले के कई दिग्गज नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पार्टी ने सांसद बुलंदशहर एवं भाजपा राष्ट्रीय मंत्री डॉ. भोला सिंह को प्रदेश कार्यसमिति का स्थाई आमंत्रित सदस्य नियुक्त किया है। उनके इस मनोनयन से क्षेत्र के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। स्थाई आमंत्रित सदस्य के अलावा, प्रदेश कार्यसमिति के सदस्यों के रूप में बुलंदशहर से कई जाने-माने चेहरों को जगह दी गई है। इनमें पूर्व विधायक मुंशीलाल गौतम, पूर्व एमएलसी सतीश शर्मा, रविन्द्र राजौरा, पूर्व प्रदेश मंत्री अमित बाल्मीकि, नेमपाल लोधी और अमित बंसल शामिल हैं। इन नेताओं को कार्यसमिति में शामिल किए जाने से संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। नई कार्यसमिति की घोषणा के बाद सबसे अधिक चर्चा पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व सांसद अशोक प्रधान के नाम की हो रही है। अशोक प्रधान की प्रदेश कार्यसमिति में वापसी को लेकर राजनीतिक गलियारों में सुगबुगाहट तेज हो गई है। उनका राजनीतिक इतिहास बुलंदशहर की राजनीति में एक कड़वा और चर्चित अध्याय रहा है। राजनीतिक अदावत किसी से छिपी नहीं पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह और अशोक प्रधान के बीच पुरानी राजनीतिक अदावत किसी से छिपी नहीं है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण वर्ष 2009 का लोकसभा चुनाव था। उस समय भाजपा ने कल्याण सिंह को दरकिनार करते हुए बुलंदशहर सुरक्षित सीट से अशोक प्रधान को अपना चुनावी मैदान में उतारा था। इस फैसले से उपजे राजनीतिक समीकरणों के बीच कल्याण सिंह ने खुलकर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी कमलेश बाल्मीकि का समर्थन कर दिया था। परिणाम यह हुआ कि भाजपा के गढ़ माने जाने वाले बुलंदशहर में पहली बार समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी ने लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इस मुकाबले में लगातार तीन बार सांसद रहे कद्दावर नेता अशोक प्रधान को करारी हार का सामना करना पड़ा था। अब इतने लंबे अंतराल और राजनीतिक उतार-चढ़ाव के बाद अशोक प्रधान को पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति में जगह मिलना एक अहम घटनाक्रम माना जा रहा है। आगामी रणनीतिक तैयारियों के मद्देनजर पार्टी पुराने नेताओं को एक बार फिर संगठन से जोड़ने में जुटी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)