भारत पहले टेस्ट में चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरेगा:गिल बोले-पुरानी गेंद से असरदार गेंदबाजी करने वाला बॉलर चाहिए,पंत को लेकर कोई दुविधा नहीं
भारत न्यूजीलैंड के खिलाफ 19 नवंबर से वेलिंगटन में शुरू होने वाले पहले टेस्ट में 7 बल्लेबाज और 4 तेज गेंदबाजों के साथ उतरेगा। कप्तान शुभमन गिल ने मंगलवार को इसकी पुष्टि की। गिल ने कहा कि सभी तेज गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया है। हालांकि, प्लेइंग-11 में किन चार पेसर्स को मौका मिलेगा, यह तय होना बाकी है। जसप्रीत बुमराह की वापसी से भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण मजबूत होगा। वहीं, गुरनूर बरार को टेस्ट स्क्वॉड में बरकरार रखा गया है, जबकि स्पिनर कुलदीप यादव को रिलीज कर दिया गया है। प्लेइंग-11 में 7 बल्लेबाज, अंशुल और आकाश भी कर सकते हैं बैटिंग गिल ने बताया कि टीम में सात बल्लेबाज होंगे। नंबर 8 और 9 पर अंशुल कंबोज और आकाश दीप बल्लेबाजी में योगदान दे सकते हैं। नीतीश कुमार रेड्डी भी बल्लेबाजी का विकल्प हैं। उन्होंने कहा कि वनडे सीरीज में सभी तेज गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया है। ऐसे में प्लेइंग-11 के लिए चार गेंदबाजों का चयन करना आसान नहीं होगा। गिल के मुताबिक, टीम अभी अंतिम कॉम्बिनेशन तय कर रही है। कप्तान ने कहा, “हमें यह भी देखना होगा कि गेंद पुरानी होने पर क्या करना है। इसलिए ऐसे गेंदबाज की जरूरत है, जो पिच पर जोर से गेंद पटक सके।” पंत को लेकर कोई दुविधा नहीं: गिल गिल ने विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत की फॉर्म और फिटनेस पर उठ रहे सवालों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि पंत टीम के अनुभवी खिलाड़ियों में से एक हैं। वे दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में रन बना चुके हैं और ऑस्ट्रेलिया में भी टेस्ट शतक लगा चुके हैं। गिल ने कहा, ‘ऋषभ पंत को लेकर कोई दुविधा नहीं है। उन्होंने 50 टेस्ट खेले हैं और दुनिया भर में रन बनाए हैं। वह ऐसे विकेटकीपर हैं, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया में भी शतक लगाया है।’ न्यूजीलैंड की पिच पर शुरुआत में तेज गेंदबाजों को मदद: रचिन न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर रचिन रवींद्र के मुताबिक, यहां टेस्ट मैचों में नई गेंद से तेज गेंदबाजों को मदद मिलती है। हालांकि, मैच आगे बढ़ने के साथ बल्लेबाजी आसान हो जाती है। उन्होंने कहा कि पिच पर घास और हरापन देखकर शुरुआत में यह अंदाजा लगाना मुश्किल होता है कि गेंद कितना स्विंग या सीम करेगी। रचिन ने कहा, ‘नई गेंद से तेज गेंदबाजों को मदद मिलती है। हालांकि, पिछले कुछ साल में बेसिन रिजर्व में बड़े स्कोर भी बने हैं और अच्छे मुकाबले हुए हैं। मुझे उम्मीद है कि इस बार भी पिच अच्छी होगी। यहां गेंद में उछाल और तेजी मिलती है। न्यूजीलैंड में टेस्ट क्रिकेट में तेज गेंदबाजों का दबदबा रहता है, जबकि स्पिनर्स भी योगदान देते हैं।’ कंधे की चोट के बाद वापसी कर रहे रचिन 26 साल के रचिन कंधा खिसकने की चोट के बाद वापसी कर रहे हैं। उन्होंने आठ हफ्ते तक रिहैबिलिटेशन किया। रचिन ने कहा कि टीम के साथियों को टीवी पर खेलते देखकर उन्हें भी मैदान पर उतरने की इच्छा होती थी। वेलिंगटन उनका घरेलू मैदान है और यहां वापसी करना उनके लिए खास है। भारत की नजर टेस्ट सीरीज जीतने पर भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 और वनडे सीरीज जीत ली हैं। अब टीम टेस्ट सीरीज जीतकर न्यूजीलैंड दौरे पर लगातार तीसरी सीरीज अपने नाम करना चाहेगी। हालांकि, गिल ने इसे वनडे सीरीज से बड़ी चुनौती बताया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)