डाकघर घोटाले में उन्नाव का पोस्टमास्टर हिरासत में:एजेंट बोला-80% कमीशन लेते थे, मरे लोगों के अकाउंट से निकालते थे पैसा
कानपुर के घाटमपुर थानाक्षेत्र स्थित डाकघर में दो करोड़ की ठगी के मामले में पुलिस ने उन्नाव, गंगाघाट में तैनात पोस्टमास्टर नरेश साहू को हिरासत में ले लिया है। मंगलवार को पुलिस ने गिरोह के मास्टर माइंड शैलेंद्र को अरेस्ट किया था। शैलेंद्र के बयानों के आधार पर पुलिस ने पोस्टमास्टर पर कार्रवाई की है। मास्टर माइंड शैलेंद्र ने बताया था कि नरेश साहू को वह घोटालेबाजी का 80 प्रतिशत हिस्सा देता था। पुलिस की जांच में सामने आया कि डाकघर में यह गोरखधंधा 2019 से जारी था। अभिलेखों के मुताबिक डाकघर में नरेश बाबू की तैनाती के समय 2020 से 2024 तक सबसे ज्यादा करीब 29 लाख का ट्रांजेक्शन हुआ है। वहीं नरेश के साथ तीन अन्य डाकघर कर्मचारियों के नाम सामने आएं है, जिनकी तलाश में पुलिस लगी हुई है। यह था पूरा प्रकरण… कानपुर के घाटमपुर उप डाक घर में हुए दो करोड़ के घोटाले में पुलिस ने दो FIR दर्ज की है। इसमें पहली 21 लोगो की तहरीर पर डाक विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, एजेंट समेत 6 लोगों के खिलाफ और दूसरी कानपुर डाक घर अधीक्षक रवि की तहरीर पर क्लर्क शिवम सचान और उप डाक पाल राकेश मिश्रा के खिलाफ दर्ज कराई गई। रवि कुमार ने बताया था कि घाटमपुर निवासी आकांक्षा चौरसिया ने शिकायत देकर पिता के खाते से चार लाख 15 हजार रुपए, दो लाख 98 हजार रुपये गबन करने का आरोप लगाया था। जिसकी जांच में तत्कालीन डाक सहायक शिवम सचान निवासी बिजौली थाना चांदपुर, जनपद फतेहपुर व उप डाकपाल राकेश कुमार मिश्रा निवासी कृष्ण विहार नौबस्ता को दोषी मानते हुए सस्पेंड कर दिया गया था। पुलिस में दोनों को कस्बे की पोस्ट ऑफिस गाली से रविवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया था। वहीं एजेंट शैलेंद्र पांडेय की तलाश में पुलिस की पांच टीमें दबिश दे रही थीं। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी शैलेंद्र को अरेस्ट कर लिया गया था। पूछताछ में एजेंट शैलेंद्र ने बताया कि उसने 1989 से 1999 तक डाक सेवक के रूप में अस्थायी तौर पर काम किया था। डाकघर में स्थायी कराने की मांग को लेकर उसने कानूनी लड़ाई लड़ी, लेकिन कोर्ट ने उसकी याचिका खारिज कर दी थी। जिसके बाद वह घाटमपुर डाकघर में कार्यरत अपने चाचा हरी नारायण द्विवेदी के साथ बतौर हेल्पर काम करने लगा था। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि शैलेंद्र ने वर्ष 2015 में बड़ी बेटी अनुष्का की शादी की थी, जिसमें उसपर करीब 3.50 लाख रुपए कर्ज हो गया था। कर्ज चुकाने के लिए उसने डाकघर में कार्यरत रहे एक बाबू से बात की थी। बाबू ने उससे कहा था कि डाकघर में खाते खुलवाने के लिए एजेंसी ले लो। बाबू के कहने पर उसने एजेंसी ली और खाते खुलवाने के नाम पर घोटालेबाजी करने लगा। शैलेंद्र के मुताबिक रकम का 70 प्रतिशत हिस्सा बाबू को जाता था, जबकि 30 प्रतिशत हिस्सा उसे मिलता था। लोगों से ठगी करने के बाद उसने अपने बेटे विवेक और छोटी बेटी की शादी की थी। 2020 में बाबू के ट्रांसफर के बाद डाकघर में नरेश साहू की नियुक्ति हुई, जिसने शैलेंद्र को धमका कर 80 फीसदी हिस्सा लेना शुरू कर दिया और 20 प्रतिशत हिस्सा शैलेंद्र को दिया था। घोटालेबाजी में नरेश साहू का नाम सामने आने के बाद घाटमपुर पुलिस ने उन्नाव गंगाघाट स्थित डाकघर में छापेमारी कर नरेश को हिरासत में लिया है। डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि नरेश और शैलेंद्र का आमना–सामना कराया जाएगा। इस सिंडिकेट में कई और कर्मचारी शामिल है, जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने पत्र भेजकर डाक विभाग से मांगा विवरण घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि विभाग के अधिकारियों को पत्र भेजकर जानकारी मांगी गई है। विवरण में पिछले 15 साल में उप डाकघर में कौन–कौन अधिकारियों व कर्मचारियों की तैनाती रही। वो कितने समय तक रहे। इसके साथ जमा निकासी के बाउचर आदि की भी डिटेल मांगी गई है। मरे हुए लोगों के खातों से पार कर देते थे पैसा पुलिस की जांच में सामने आया कि बाबू नरेश साहू व हरी साहू को डाकघर में विड्राल और अप्रूवल की अथारिटी मिली हुई थी, जिसपर दोनों ने मृत लोगों के खातों से थोड़ा–थोड़ा करके पैसा निकालने की योजना तैयार की थी। कई मृत लोगों के खातों से आरोपियों ने रकम भी पार की थी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आकांक्षा चौरसिया के पिता के खाते में तकरीबन सात लाख रुपए जमा थे। माता–पिता की मौत के बाद डाकघर बाबूओं ने उनके खाते से चार लाख से अधिक रकम पार कर दी थी। इसके साथ ही आरोपी ज्यादा समय से एक्टिव न हुए खातों को भी अपना निशाना बनाते थे। हालांकि आरोपियों ने कितने खातों से रकम निकाली गई, इसका अभी खुलासा नहीं हो सका है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)