बिजली विभाग के एक्सईएन का कार्यालय सील:लखनऊ नगर निगम का ₹3.84 करोड़ बाकी था टैक्स, कई बार नोटिस के बाद भी नहीं किया गया जमा
लखनऊ नगर निगम ने मंगलवार को बकाया गृहकर वसूली के लिए बड़ी कार्रवाई की। कई बार नोटिस और बिल भेजने के बावजूद टैक्स जमा नहीं करने पर नगर निगम की टीम ने सरोजनी नगर में बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) का कार्यालय सील कर दिया। इस कार्यालय पर 3.84 करोड़ रुपये का गृहकर बकाया है। वहीं, नादरगंज स्थित मंडलीय ड्रग वेयर हाउस का प्रशासनिक कार्यालय भी सील कर दिया गया। इसके अलावा नगर निगम ने अलग-अलग क्षेत्रों में कई अन्य बकाएदारों के भवनों पर भी कार्रवाई की। 3.84 करोड़ बकाया, फिर भी नहीं किया भुगतान नगर निगम जोन-5 के जोनल अधिकारी विनीत सिंह ने बताया कि सरोजनी नगर प्रथम वार्ड स्थित 400 केवी विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता कार्यालय पर 3,84,47,005 रुपये गृहकर बकाया है। बकाया वसूली के लिए विभाग को कई बार पत्र और नोटिस भेजे गए। नगर निगम कर्मचारियों ने संपर्क भी किया, लेकिन इसके बावजूद भुगतान नहीं किया गया। लगातार अनदेखी के बाद कार्यालय सील करने की कार्रवाई की गई। ड्रग वेयर हाउस पर भी 14.79 लाख बकाया नादरगंज स्थित मंडलीय ड्रग वेयर हाउस के प्रशासनिक कार्यालय पर भी 14,79,869 रुपये गृहकर बकाया है। नगर निगम की ओर से कई बार पत्राचार और संपर्क किए जाने के बावजूद बकाया राशि जमा नहीं की गई। इसके बाद नगर निगम की टीम ने इस कार्यालय को भी सील कर दिया। जोन-6 में चार भवनों पर कार्रवाई नगर निगम जोन-6 के जोनल अधिकारी अमरजीत यादव ने बताया कि जोन में गृहकर जमा नहीं करने वाले चार भवनों को सील किया गया है। नगर निगम की इस कार्रवाई का उद्देश्य लंबे समय से लंबित गृहकर की वसूली करना है। अधिकारियों के मुताबिक, बकाया जमा नहीं करने वाले भवन स्वामियों और संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)