यूपी पुलिस एथलेटिक्स में लखनऊ के विशाल-सूरज ने बनाए रिकॉर्ड:मेरठ की शिवानी और आगरा की निधि ने भी बाजी मारी, 808 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
लखनऊ के महानगर स्थित 35वीं वाहिनी पीएसी के शहीद चंद्रशेखर आजाद क्रीड़ा संकुल में मंगलवार को 74वीं यूपी पुलिस वार्षिक एथलेटिक्स क्लस्टर प्रतियोगिता-2026 शुरू हुई। एथलेटिक्स और साइकिलिंग की इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर के खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रीतिन्दर सिंह पुलिस महानिरीक्षक, पीएसी मध्य जोन एवं सचिव उ०प्र० पुलिस स्पोर्ट्स कन्ट्रोल बोर्ड लखनऊ ने किया गया। 35वीं वाहिनी पीएसी की मेजबानी में हो रही प्रतियोगिता में 13 जोन के 808 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें 586 पुरुष और 222 महिला खिलाड़ी हैं। मार्चपास्ट के साथ प्रतियोगिता की शुरुआत हुई। कमांडेंट अमित कुमार ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। 10 हजार मीटर में विशाल ने बनाया रिकॉर्ड पुरुष 10 हजार मीटर फाइनल में लखनऊ जोन के विशाल यादव ने 28:59.30 मिनट में दौड़ पूरी कर नया रिकॉर्ड बनाया। वाराणसी के शिवम यादव दूसरे और प्रयागराज के श्याम तीसरे रहे। महिला 800 मीटर में मेरठ जोन की शिवानी दुबे ने 2:10.94 मिनट के साथ नया कीर्तिमान बनाया। मेरठ की दिव्या चौहान दूसरे और कानपुर की रफुल तीसरे स्थान पर रहीं। 800 और 100 मीटर में भी रिकॉर्ड पुरुष 800 मीटर में लखनऊ जोन के सूरज यादव ने 1:49.50 मिनट में नया रिकॉर्ड बनाया। जीआरपी के जितेंद्र राजौरिया दूसरे और लखनऊ के इरफान तीसरे रहे। महिला 100 मीटर में आगरा की निधि ने 11.46 सेकंड के साथ बाजी मारी। मेरठ की प्रियंका सिकरवार दूसरे और टीना तीसरे स्थान पर रहीं। साइकिलिंग में भी खिलाड़ियों का जोरदार प्रदर्शन 20 किमी पुरुष साइकिलिंग में मेरठ के सैयद बुहरान अली पहले रहे।कानपुर के संतोष सिंह दूसरे और पीएसी मध्य जोन के सुनील सहानी तीसरे स्थान पर रहे।15 किमी महिला साइकिलिंग में गोरखपुर की मायावती विजेता बनीं।प्रयागराज की अनिता मिश्रा दूसरे और बरेली की विजय चौहान तीसरे स्थान पर रहीं। महिला 10 हजार मीटर में प्रयागराज की ममता पाल पहले,लखनऊ की ममता राजभर दूसरे और नीतू कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं। कमांडेंट अमित कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता पीएसी खिलाड़ियों की फिटनेस,प्रतिस्पर्धा और खेल भावना को मजबूत करने का मंच है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)