लखनऊ में लूट की सूचना देकर पुलिस को छकाया:घर से ही मिला 50 लाख रुपयों से भरा बैग, हवाला कनेक्शन की आशंका
लखनऊ के आशियाना में गुजरात के कारोबारी ने लूट की सूचना देकर पुलिस को छका दिया। उन्होंने बताया कि बाइक सवार बदमाश असलहा दिखाकर रुपयों से भरा बैग लूट ले गए। पुलिस ने जांच शुरू की तो उनके घर से ही 50 लाख रुपए से भरा बैग मिल गया। वहीं, 5 से 10 लाख रुपए से भरा एक दूसरा बैग लापता है। पुलिस ने बरामद रकम इनकम टैक्स विभाग को सौंप दी है। मामले में हवाला कारोबार से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। गुजरात से जयपुर होकर लखनऊ आने की बात निकली झूठी डीसीपी सेंयरल अर्पित विजयवर्गीय के मुताबिक, आशियाना निवासी प्रगनेश दबे मूल रूप से अहमदाबाद के रहने वाले हैं। उन्होंने 24 और 25 अक्टूबर की रात पुलिस को लूट की सूचना दी थी। उन्होंने बताया था कि वह गुजरात से जयपुर के रास्ते लखनऊ पहुंचे थे। इस दौरान बाइक सवार बदमाशों ने असलहा दिखाकर रुपयों से भरा बैग लूट लिया। मामले की जांच के लिए एसीपी कैंट सुजीत दुबे को दी गई। जांच में पता चला कि प्रगनेश ने गुजरात से जयपुर होते हुए लखनऊ आने की जो तारीख बताई थी, वह सही नहीं थी। इस पर पुलिस को संदेह हुआ और उनके घर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान घर से ही 50 लाख रुपए से भरा बैग बरामद हो गया। रुपयों के सोर्स की जानकारी नहीं दे सके पुलिस के मुताबिक, प्रगनेश बरामद 50 लाख रुपए के के बारे में कोई संतोषजनक जानकारी नहीं दे सके। पूछताछ में उन्होंने बताया कि 5 से 10 लाख रुपए से भरा एक अन्य बैग गायब है। हालांकि, वह बैग कहां गया, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। पुलिस ने मामले की जानकारी इनकम टैक्स विभाग को दी और बरामद 50 लाख रुपए विभाग की टीम को सौंप दिए। अब इनकम टैक्स अधिकारी रकम के सोर्स की जांच कर रहे हैं। पुलिस को आशंका है कि मामले के तार हवाला कारोबार से जुड़े हो सकते हैं। कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)